Akoism controversy: BJP women MPs may seek President Draupadi Murmu's intervention
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महिला सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर यौन उत्पीड़न के आरोपों में कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम को जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के प्रोफेसर पद से बर्खास्त किए जाने के मुद्दे पर उनका ध्यान आकर्षित कर सकता है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
यह कदम भाजपा महिला मोर्चा द्वारा दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय और हिमाचल प्रदेश में कई स्थानों पर किए गए प्रदर्शनों के एक दिन बाद उठाया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की थी कि कांग्रेस पार्टी इनर मणिपुर से सांसद अकोइजम को पार्टी से निष्कासित करे।
दिल्ली में सोमवार को हुए प्रदर्शन में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी के साथ भाजपा की कई महिला सांसद व कार्यकर्ता शामिल हुई थीं।
पार्टी के एक सूत्र ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘कांग्रेस नेता राहुल गांधी केवल ‘पितृसत्ता को खत्म करने’ की बातें करते हैं, लेकिन जब कार्रवाई करने की बात आती है तो वह चुप्पी साध लेते हैं। भाजपा की महिला सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर इस मुद्दे को उठाएगा और उनसे मामले में हस्तक्षेप की मांग करेगा।’’