चेन्नई में बिग बैश लीग का मैच भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच खेल ‘रोडमैप’ का मुख्य आकर्षण

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 10-07-2026
Big Bash League match in Chennai is the highlight of the India-Australia sports 'roadmap'
Big Bash League match in Chennai is the highlight of the India-Australia sports 'roadmap'

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 भारत और ऑस्ट्रेलिया ने खेल प्रशिक्षण, खेल विज्ञान, प्रौद्योगिकी और खेल उद्योग में सहयोग बढ़ाने के लिए शुक्रवार को खेल सहयोग ‘रोडमैप’ जारी किया, जिसका मुख्य आकर्षण बिग बैश लीग (बीबीएल) के आगामी सत्र का उद्घाटन मैच चेन्नई में खेला जाना है।
 
ऑस्ट्रेलियाई पुरुष बिग बैश लीग का पहला मैच दिसंबर में एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में मेलबर्न रेनेगेड्स और मौजूदा चैंपियन पर्थ स्कॉर्चर्स के बीच खेला जाएगा। यह भारत में आयोजित होने वाला पहला विदेशी क्रिकेट लीग मैच होगा।
 
बिग बैश लीग में आठ टीम भाग लेती हैं और यह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के बाद दुनिया की सबसे लोकप्रिय घरेलू क्रिकेट लीग में से एक है। इसे आमतौर पर दिसंबर से फरवरी के बीच आयोजित किया जाता है।
 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के अपने समकक्ष एंथनी अल्बानीज के साथ मशहूर मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि बिग बैश लीग का एक मैच भारत में, चेन्नई में आयोजित किया जाएगा। भारत में मैच आयोजित करने वाली किसी भी खेल लीग को निश्चित रूप से बहुत बड़ी संख्या में दर्शक मिलेंगे।’’