Big Bash League match in Chennai is the highlight of the India-Australia sports 'roadmap'
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारत और ऑस्ट्रेलिया ने खेल प्रशिक्षण, खेल विज्ञान, प्रौद्योगिकी और खेल उद्योग में सहयोग बढ़ाने के लिए शुक्रवार को खेल सहयोग ‘रोडमैप’ जारी किया, जिसका मुख्य आकर्षण बिग बैश लीग (बीबीएल) के आगामी सत्र का उद्घाटन मैच चेन्नई में खेला जाना है।
ऑस्ट्रेलियाई पुरुष बिग बैश लीग का पहला मैच दिसंबर में एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में मेलबर्न रेनेगेड्स और मौजूदा चैंपियन पर्थ स्कॉर्चर्स के बीच खेला जाएगा। यह भारत में आयोजित होने वाला पहला विदेशी क्रिकेट लीग मैच होगा।
बिग बैश लीग में आठ टीम भाग लेती हैं और यह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के बाद दुनिया की सबसे लोकप्रिय घरेलू क्रिकेट लीग में से एक है। इसे आमतौर पर दिसंबर से फरवरी के बीच आयोजित किया जाता है।
ऑस्ट्रेलियाई सरकार की विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह मैच दिसंबर में पूरे भारत में आयोजित किए जाने वाले ‘गुड डे नमस्ते’ नामक सप्ताह भर चलने वाले उत्सव का मुख्य आकर्षण होगा। इस उत्सव में ऑस्ट्रेलियाई सांस्कृतिक, व्यावसायिक और खेल आयोजन शामिल होंगे।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष एंथनी अल्बानीज़ ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) में भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच खेलों के क्षेत्र में सहयोग का ‘रोडमैप’ जारी किया, जिसका उद्देश्य खेल प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण, खेल विज्ञान और प्रौद्योगिकी, और खेल उद्योग और निवेश में साझेदारी को बढ़ावा देना है।
इस कार्यक्रम में विक्टोरिया प्रांत की प्रीमियर (प्रधानमंत्री) जैसिंटा एलन, वनडे विश्व कप विजेता पूर्व पुरुष कप्तान स्टीव वॉ और महिला कप्तान लिसा स्टालेकर भी उपस्थित थे।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस यात्रा ने भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी के प्रमुख तत्वों के रूप में खेल, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और लोगों के बीच संबंधों के बढ़ते महत्व को उजागर किया।
इस रोडमैप के तहत दोनों देश युवा खिलाड़ियों के बीच अधिक मेलजोल को प्रोत्साहित करने और खेल संबंधों को मजबूत करने के लिए भारत-ऑस्ट्रेलिया युवा खेल महोत्सव का आयोजन भी करेंगे।