बंगाल: ‘सुरक्षा खामियों’ को लेकर अग्निशमन विभाग ने अभिषेक बनर्जी के कार्यालय को नोटिस दिया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 02-09-2026
Bengal: Fire department issues notice to Abhishek Banerjee's office over 'security lapses'
Bengal: Fire department issues notice to Abhishek Banerjee's office over 'security lapses'

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
पश्चिम बंगाल अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेता अभिषेक बनर्जी के कैमक स्ट्रीट स्थित कार्यालय को कथित सुरक्षा खामियों को लेकर नोटिस जारी किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी के अनुसार, मंगलवार को जारी नोटिस में कहा गया है कि परिसर की अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र की अवधि 10 अगस्त को समाप्त हो गयी थी और उसका अब तक नवीनीकरण नहीं कराया गया।
 
अधिकारी ने मंगलवार शाम ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘कुछ सुरक्षा खामियां पाई गई हैं और हमने 48 घंटे के भीतर लिखित जवाब मांगा है।’’
 
विभाग ने इमारत के मालिक और किरायेदार से यह भी स्पष्टीकरण मांगा है कि आवश्यक अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन किए बिना परिसर का संचालन किए जाने के कारण उसे सील क्यों नहीं किया जाना चाहिए।
 
अधिकारी ने बताया कि कोलकाता पुलिस और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने सोमवार को कैमक स्ट्रीट स्थित इमारत की मंजिलों की जांच की थी। इस दौरान सातवीं और आठवीं मंजिल पर स्थित अभिषेक बनर्जी के कार्यालय वाले हिस्सों का भी निरीक्षण किया गया। यह जांच जारी अग्नि सुरक्षा ऑडिट का हिस्सा थी।
 
नोटिस के अनुसार, निरीक्षण में परिसर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी कई कमियां पाई गईं। इनमें सातवीं मंजिल पर आग बुझाने के लिए पर्याप्त पानी की उपलब्धता नहीं होना और आपात स्थिति में बाहर निकलने के लिए अलग से अग्नि निकास मार्ग का नहीं होना शामिल है।