Bengal elections: Sporadic clashes, attacks on candidates during first phase of polling; EC seeks report
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में बृहस्पतिवार को विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 152 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान के दौरान हिंसा और उम्मीदवारों पर हमले की छिटपुट घटनाएं हुईं। निर्वाचन आयोग ने प्रभावित क्षेत्रों में घटनाओं को लेकर रिपोर्ट मांगी है।
राज्य में बृहस्पतिवार को पूर्वाह्न 11 बजे तक 41 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ जो शुरुआती चरण में लोगों की मजबूत भागीदारी को दर्शाता है।
अधिकारियों ने बताया कि पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के नाओदा इलाके में आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों के बीच झड़पें हुईं जिसके बाद पुलिस और केंद्रीय बलों ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया।
एजेयूपी के संस्थापक हुमायूं कबीर ने शिवनगर गांव में व्याप्त तनाव के बीच एक मतदान केंद्र का दौरा किया जिसके बाद हिंसा भड़क उठी। तृणमूल समर्थकों ने इसके विरोध में प्रदर्शन शुरू कर दिया, नारे लगाए और कबीर के वाहन को घेर लिया तथा उन्हें ‘‘भाजपा का एजेंट’’ करार दिया।
विरोधी गुटों ने कथित तौर पर पत्थर और ईंटें फेंकीं जिससे स्थिति और बिगड़ गई तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति पैदा हो गई। झड़पों में कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई।
कबीर ने सत्तारूढ़ पार्टी पर मतदाताओं को डराने-धमकाने और चुनावी कदाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता, ‘‘पुलिस के साथ मिलकर’’ बीती रात से ही धमकियां और प्रलोभन देकर मतदाताओं को प्रभावित कर रहे हैं।