बीसीबी प्रमुख तमीम ने कहा, भारत से लंबित श्रृंखला पर बात चल रही है

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 31-08-2026
BCB chief Tamim said talks are ongoing regarding the pending series with India.
BCB chief Tamim said talks are ongoing regarding the pending series with India.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष तमीम इकबाल ने कहा कि भारत के खिलाफ लंबे समय से लंबित सीमित ओवरों की घरेलू श्रृंखला के लिए भारत से बातचीत चल रही है और दोनों देश अपने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद उपयुक्त समय की तलाश जारी रखे हुए हैं।

तमीम ने यूट्यूब चैनल ‘नॉट आउट नॉर्मन’ से बातचीत में स्वीकार किया कि सितंबर में होने वाले तीन वनडे और तीन टी20 मैच पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नहीं होंगे। भारत को इसी अवधि में 13 सितंबर से अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 श्रृंखला खेलनी है।
 
तमीम ने कहा, ‘‘यह (भारत के खिलाफ श्रृंखला) होगी या नहीं, इस बारे में अभी तक कोई फैसला नहीं हुआ है।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘दोनों बोर्ड इस श्रृंखला के आयोजन को लेकर गंभीर हैं। बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट बोर्ड) और बीसीबी दोनों ही श्रृंखला के समय को लेकर विचार कर रहे हैं। हम इस श्रृंखला के आयोजन को लेकर सकारात्मक हैं।’’