कला समाज के नैतिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक उत्थान का एक सशक्त साधन : राज्यपाल आनंदीबेन पटेल

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 05-06-2026
Art is a powerful tool for the moral, cultural and spiritual upliftment of society: Governor Anandiben Patel
Art is a powerful tool for the moral, cultural and spiritual upliftment of society: Governor Anandiben Patel

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
\उत्‍तर प्रदेश की राज्‍यपाल आनंदीबेन पटेल ने शुक्रवार को कहा कि कला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के नैतिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक उत्थान का एक सशक्त साधन है।
 
जन भवन, लखनऊ के गांधी सभागार में उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी, लखनऊ द्वारा आयोजित अकादमी सम्मान समारोह-2026 में राज्‍यपाल ने अपना संदेश दिया। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने राज्यपाल का संदेश उपस्थित जनों के समक्ष पढ़कर सुनाया।
 
राज्‍यपाल ने अपने संदेश में कहा कि ''आज का अवसर हमें कला के महत्व को समझने, उसे संरक्षित करने तथा आने वाली पीढ़ियों तक उसकी गरिमा को अक्षुण्ण बनाए रखने की प्रेरणा देता है।''
 
उन्‍होंने कहा कि ''किसी सभ्यता की आत्मा को समझना हो तो उसके लोकगीतों और लोकनाट्यों को समझना आवश्यक है, क्योंकि लोक-संस्कृति हमारी परंपराओं की वह जीवंत धारा है, जो पीढ़ी-दर-पीढ़ी हमारी पहचान को प्रवाहित करती आई है।''
 
जन भवन से जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार यहां गांधी सभागार में उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी, लखनऊ द्वारा आयोजित अकादमी सम्मान समारोह-2026 में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पुरस्कार प्रदान किए।
 
विज्ञप्ति के अनुसार समारोह में वर्ष 2021, 2022, 2023 तथा 2024 के लिए चयनित कुल 51 विशिष्ट कलाकारों को संगीत, नृत्य, नाटक एवं लोककलाओं के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान, उत्कृष्ट सृजन, साधना तथा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन में निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका के लिए अकादमी सम्मान प्रदान कर सम्मानित किया गया।