अनुपम खेर, शबाना आजमी ने मशहूर रंगकर्मी विजया मेहता को श्रद्धांजलि दी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 01-07-2026
Anupam Kher, Shabana Azmi pay tribute to renowned theater
Anupam Kher, Shabana Azmi pay tribute to renowned theater

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
अभिनेता अनुपम खेर और अभिनेत्री शबाना आजमी ने बुधवार को मशहूर रंगकर्मी एवं रंगमंच निर्देशक तथा अभिनेत्री विजया मेहता को एक दूरदर्शी कलाकार के रूप में याद करते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय रंगमंच को नया रूप दिया और कलाकारों, निर्देशकों तथा कथाकारों की कई पीढ़ियों को प्रेरित किया।

मेहता को प्यार से लोग ‘‘बाई’’ कहकर बुलाते थे। उनका मंगलवार रात को दक्षिण मुंबई स्थित उनके घर पर उम्र संबंधी बीमारियों के कारण निधन हो गया। वह 92 साल की थीं।
 
मेहता के साथ उनकी चर्चित फिल्मों ‘राव साहेब’ (1986) और ‘पेस्टनजी’ (1988) में काम कर चुके खेर ने उन्हें ‘‘भारत की अब तक की सबसे बेहतरीन रंगमंच प्रतिभाओं में से एक’’ बताया।
 
उन्होंने ‘इंस्टाग्राम’ पर लिखा, ‘‘विजया मेहता - एक महान हस्ती! विजया मेहता के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। वह भारत की सबसे बेहतरीन रंगमंच हस्तियों में से एक थीं जो एक शानदार फिल्मकार और सबसे बढ़कर, एक बेहतरीन इंसान थीं।’’
 
अभिनेता ने कहा कि मेहता के साथ काम करना उनके लिए एक बदलाव लाने वाला अनुभव था।
 
उन्होंने लिखा, ‘‘मुझे ‘राव साहेब’ और ‘पेस्टनजी’ में विजया बाई के साथ काम करने का सौभाग्य मिला। मैं तब तक कुछ फिल्में कर चुका था और सोचता था कि अभिनय को समझता हूं। लेकिन उनके साथ हर रिहर्सल मुझे याद दिलाता था कि इस कला का सागर कितना अथाह है।’’