मुंबई,
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता अनिल परब ने रविवार को संकेत दिया कि पार्टी और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के बीच गठबंधन की घोषणा किसी भी समय हो सकती है। इससे पहले पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने कहा था कि मनसे प्रमुख राज ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी के साथ गठबंधन पर दो-तीन दिनों में आधिकारिक ऐलान कर दिया जाएगा।
अनिल परब ने संवाददाताओं से कहा, “गठबंधन की घोषणा कभी भी हो सकती है। उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे तय करेंगे कि इसकी औपचारिक घोषणा किस तरह और कब की जाए।” उन्होंने यह टिप्पणी स्थानीय निकाय चुनावों की मतगणना के बीच दी।
इससे पहले संजय राउत ने कहा था कि महा विकास आघाडी (एमवीए) में शिवसेना (उबाठा) की सहयोगी कांग्रेस को मनसे के साथ गठबंधन को लेकर कुछ आपत्तियां हैं। राउत के मुताबिक, नगर निगम चुनावों के मद्देनज़र मनसे के साथ गठबंधन पर रविवार को हुई बैठक संभवतः अंतिम थी और अब औपचारिक घोषणा में ज्यादा देरी नहीं होगी।
मुंबई समेत राज्य के 29 नगर निगमों के चुनाव 15 जनवरी को होने हैं, जबकि मतगणना अगले दिन होगी। राउत ने कहा कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनावों के लिए कांग्रेस को साथ लाने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा, “कांग्रेस ने मनसे को लेकर आपत्ति जताई है, लेकिन भाजपा को हराने के लिए विपक्षी एकजुटता जरूरी है। कांग्रेस को समझाने की कोशिशें जारी हैं।”
राउत ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि मुंबई में गठबंधन नहीं भी होता है, तो कांग्रेस के साथ रिश्तों में कोई दरार नहीं है। वहीं, कांग्रेस महासचिव और महाराष्ट्र प्रभारी रमेश चेन्निथला ने शनिवार को कहा था कि पार्टी कार्यकर्ता बीएमसी चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़ने के पक्ष में हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदूषण, स्वास्थ्य सेवाओं और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर चुनाव लड़ेगी और मुंबई के धर्मनिरपेक्ष ताने-बाने की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।






.png)