अमित शाह का तीन दिवसीय बंगाल दौरा आज से,सीमा सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रमों में होंगे शामिल

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 20-08-2026
Amit Shah's three-day visit to Bengal begins today; will participate in border security-related programmes
Amit Shah's three-day visit to Bengal begins today; will participate in border security-related programmes

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बृहस्पतिवार को पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी पहुंचेंगे। शाह राज्य के अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान सीमा सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के कर्मियों से बातचीत करेंगे और समीक्षा बैठकों की अध्यक्षता करेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
 
अधिकारियों ने बताया कि शाह चेन्नई से रात करीब आठ बजे बागडोगरा हवाई अड्डा पहुंचेंगे, जहां से वह सुकना जाएंगे और वहां रात्रि विश्राम करेंगे।
 
गृह मंत्री का सिलीगुड़ी का यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में स्थित ‘सिलीगुड़ी गलियारा’ पूर्वोत्तर के राज्यों को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला रणनीतिक रूप से अहम क्षेत्र है और यह नेपाल, भूटान तथा बांग्लादेश की सीमाओं के नजदीक स्थित है। इस गलियारे को आमतौर पर ‘‘चिकन नेक’’ कहा जाता है।
 
अधिकारियों ने बताया कि इस दौरे में तीन पड़ोसी देशों के साथ भारत की सीमाओं पर सुरक्षा की उच्च-स्तरीय समीक्षा शामिल होगी।
 
एक अधिकारी ने कहा, ‘‘केंद्रीय गृह मंत्री तमिलनाडु के महाबलीपुरम में अपनी बैठक के बाद सीधे पश्चिम बंगाल के लिए उड़ान भरेंगे, जहां वह बृहस्पतिवार को दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की 31वीं बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं।’’
 
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को गृह मंत्री सिलीगुड़ी में एसएसबी फ्रंटियर मुख्यालय का दौरा करेंगे जहां वह सीमा सुरक्षा से जुड़ी कई परियोजनाओं की आधारशिला रखने के कार्यक्रमों में शामिल होंगे तथा एसएसबी जवानों से बातचीत करेंगे।
 
वह जवानों के साथ ‘‘बड़ा खाना’’ (सामूहिक भोज) में भी शामिल होंगे।
 
इसके बाद शाह सिलीगुड़ी के कावाखाली मैदान में ‘भारतीय न्याय संहिता’ प्रदर्शनी से जुड़े एक कार्यक्रम और बैठक में शामिल होंगे।