आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अलीगढ़ पुलिस ने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के जिलाध्यक्ष यामीन खान अब्बासी के खिलाफ कांवड़ियों को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, अब्बासी ने मुख्य ईदगाह से सटी सड़क पर ईद-उल-अजहा की नमाज अदा करने की अनुमति मांगने के दौरान कांवड़ यात्रा को लेकर टिप्पणी की थी।
सिविल लाइंस थाने में गौरव वार्ष्णेय की शिकायत पर अब्बासी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 192 (दंगा भड़काने के इरादे से उकसाने) और 353(3) (पूजा स्थलों या धार्मिक सभाओं में शत्रुता, घृणा या दुर्भावना को बढ़ावा देने वाले बयान) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अब्बासी ने कहा था कि मुसलमानों को ईदगाह के बाहर सामूहिक नमाज की अनुमति नहीं दी जाती, जबकि कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ियों के लिए सड़कें अवरुद्ध कर विशेष व्यवस्था की जाती है।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि अब्बासी ने कांवड़ियों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया और उन पर हुड़दंग तथा नशा करने का आरोप लगाया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
इससे पहले अब्बासी और एआईएमआईएम के अन्य पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मुख्य ईदगाह में भीड़ अधिक होने की आशंका जताते हुए ईदगाह से सटी सड़क पर ईद-उल-अजहा की नमाज अदा करने की अनुमति मांगी थी।