मुंबई का माहौल बिगाड़ना चाहते हैं यूपी-बिहार चुनाव पर आंख गड़ाए नेता, परिवहन मंत्री का दावा
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
महाराष्ट्र सरकार के 'मराठी भाषा प्रवीणता अभियान' के बीच, राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने मंगलवार को आरोप लगाया कि आगामी उत्तर प्रदेश और बिहार चुनावों के मद्देनजर कुछ नेता मुंबई और पड़ोसी जिले ठाणे का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।
सरनाईक ने स्पष्ट किया कि अब तक किसी भी टैक्सी या ऑटो-रिक्शा चालक पर 500 रुपये का भी जुर्माना नहीं लगाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग चालकों पर 20,000 रुपये से 25,000 रुपये तक का भारी जुर्माना लगाए जाने का भ्रामक दावा कर रहे हैं।
राज्य सचिवालय में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए सरनाईक ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की और कहा, "समाज में हिंदी और मराठी भाषा के नाम पर जानबूझकर विवाद खड़ा करने और शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है।"
शिवसेना (शिंदे गुट) के वरिष्ठ नेता का यह बयान उन खबरों के बाद आया है, जिनमें इस मराठी भाषा प्रवीणता अभियान के तहत भारी-भरकम जुर्माने की अफवाहों के चलते मुंबई के कई हिस्सों में चालकों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया था। इस भ्रम की स्थिति को दूर करने के लिए खुद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को सामने आना पड़ा था।