पाकिस्तान, ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने और प.एशिया में तनाव रोकने के उपायों पर चर्चा की

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 25-08-2026
पाकिस्तान, ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने और प.एशिया में तनाव रोकने के उपायों पर चर्चा की
पाकिस्तान, ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने और प.एशिया में तनाव रोकने के उपायों पर चर्चा की

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने तेहरान में ईरानी नेतृत्व के साथ ‘‘व्यापक बातचीत’’ की और इस दौरान पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष को और बढ़ने से रोकने के उपायों तथा होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने पर चर्चा हुई।

पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा ‘इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस’ (आईएसपीआर) ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि गृह मंत्री मोहसिन नकवी के साथ सेना प्रमुख ने ईरान की एक दिवसीय यात्रा पूरी की। यह यात्रा अमेरिका-ईरान संघर्ष में गतिरोध खत्म करने के इस्लामाबाद के कूटनीतिक प्रयासों का हिस्सा थी।
 
बयान में कहा गया है कि यह यात्रा ‘‘अमेरिका-ईरान के बीच जारी संघर्ष में गतिरोध खत्म करने और क्षेत्र में स्थायी शांति तथा अस्थिरता के स्थायी अंत के रास्ते तलाशने के पाकिस्तान के कूटनीतिक प्रयासों’’ का हिस्सा थी।
 
सेना प्रमुख ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान, सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद में सर्वोच्च नेता के प्रतिनिधि मोहन रेजाई, ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ, ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची और गृह मंत्री एस्कंदर मोमेनी से मुलाकात की।
 
बयान में कहा गया, ‘‘व्यापक चर्चा में संघर्ष को और बढ़ने से रोकने के उपायों, होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने और संघर्ष को जल्द से जल्द समाप्त करने पर ध्यान केंद्रित किया गया।’’