एआई+ स्मार्टफोन, ऑप्टिमस इलेक्ट्रॉनिक्स ने किया समझौता

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 12-03-2026
Optiemus Electronics signs MoU with AI smartphone
Optiemus Electronics signs MoU with AI smartphone

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
स्वदेशी प्रौद्योगिकी ब्रांड एआई+ स्मार्टफोन ने ऑप्टिमस इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (ओईएल) के साथ भारत में 30 लाख मोबाइल उपकरणों के विनिर्माण के लिए साझेदारी करने की बृहस्पतिवार को जानकारी दी। इसके तहत अगले पांच वर्ष में करीब 125 करोड़ रुपये का संयुक्त निवेश किया जाएगा।

इस समझौते के तहत ऑप्टिमस इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के नोएडा स्थित संयंत्र में मोबाइल फोन, टैबलेट, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी) उपकरण और उन्नत पहनने योग्य (वेयरएबल) उपकरण बनाए जाएंगे। उत्पादन बढ़ाने की प्रक्रिया अप्रैल 2026 से शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
 
कंपनियों ने संयुक्त बयान में कहा कि एआई+ स्मार्टफोन ने ऑप्टिमस इन्फ्राकॉम लिमिटेड की अनुषंगी कंपनी ऑप्टिमस इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के साथ भारत में मोबाइल फोन, टैबलेट, इंटरनेट ऑफ थिंग्स उपकरण और उन्नत पहनने योग्य उत्पादों के निर्माण के लिए विनिर्माण समझौता किया है।
 
समझौते के अनुसार दोनों कंपनियां भारत सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत भारत में विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए अगले पांच वर्ष में करीब 125 करोड़ रुपये निवेश करेंगी। इस साझेदारी से विनिर्माण, संचालन एवं सहयोग क्षेत्रों में रोजगार के करीब 1,200 प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष अवसर उत्पन्न होने की उम्मीद है।
 
एआई+ स्मार्टफोन के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) माधव सेठ ने कहा कि वर्तमान में चीन की एवं अन्य वैश्विक कंपनियों के प्रभुत्व वाले बाजार में भारतीय ब्रांड के लिए पर्याप्त अवसर मौजूद हैं।