मथुरा में सनी लियोनी का न्यू ईयर 2026 कार्यक्रम रद्द, धार्मिक संगठनों के विरोध के बाद लिया गया फैसला

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 30-12-2025
Sunny Leone's New Year 2026 concert in Mathura cancelled after protests from religious organisations
Sunny Leone's New Year 2026 concert in Mathura cancelled after protests from religious organisations

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली


 
उत्तर प्रदेश के पवित्र शहर मथुरा में अभिनेत्री सनी लियोनी का न्यू ईयर 2026 के मौके पर प्रस्तावित कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। यह कार्यक्रम नए साल की पूर्व संध्या पर एक रेस्टोरेंट–बार में आयोजित किया जाना था, लेकिन इसके ऐलान के बाद शहर में धार्मिक संगठनों और साधु-संतों के कड़े विरोध के स्वर उठने लगे।
 
जानकारी के अनुसार, जैसे ही कार्यक्रम की सूचना सामने आई, कई धार्मिक नेताओं और संगठनों ने इसे मथुरा की धार्मिक गरिमा के खिलाफ बताते हुए आपत्ति जताई। श्री कृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास ने इस संबंध में जिला मजिस्ट्रेट को पत्र लिखकर कार्यक्रम को तत्काल रद्द करने की मांग की। न्यास का कहना था कि मथुरा केवल एक शहर नहीं, बल्कि ब्रज भूमि है, जिसकी पहचान भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी हुई है और यहां इस तरह के मनोरंजन कार्यक्रम उचित नहीं हैं।
 
धार्मिक संगठनों के विरोध और माहौल को देखते हुए आयोजकों ने अंततः कार्यक्रम को रद्द करने का फैसला लिया। इस फैसले के बाद कई हिंदू संगठनों और साधु-संतों ने प्रशासन और राज्य सरकार का आभार जताया।
 
हिंदू संगठन से जुड़े नेता गिर्राज सिंह ने एएनआई से बात करते हुए कहा कि वे उत्तर प्रदेश सरकार के आभारी हैं, जिसने ब्रज भूमि के लोगों की भावनाओं को समझा। उन्होंने कहा कि सरकार ने संतों और साधुओं के सम्मान को ध्यान में रखते हुए सही निर्णय लिया है।