Proposed Film City along Yamuna Expressway to take shape soon, will create employment: Boney Kapoor
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मशहूर फिल्म निर्माता बोनी कपूर ने शनिवार को कहा कि यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे प्रस्तावित ‘इंटरनेशनल फिल्म सिटी’ परियोजना जल्द ही आकार लेने वाली है और इससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
गौतमबुद्ध नगर जिले के जेवर इलाके में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन समारोह में शामिल होने आए कपूर को हवाई अड्डे के पास ‘नोएडा इंटरनेशनल फिल्म सिटी’ विकसित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें खुशी हुई।
कपूर ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, “यहां आकर अच्छा लग रहा है। फिल्म सिटी का काम भी जल्द शुरू हो जाएगा, संभवतः चुनावों से पहले ही। इससे बड़े पैमाने पर रोजगार पैदा होगा।”
उन्होंने कहा कि परियोजना की तैयारियां पहले ही शुरू हो चुकी हैं और स्थल पर शूटिंग का काम भी शुरू हो गया है।
उन्होंने कहा, “अन्य हिस्सों पर भी काम शुरू हो गया है। मेरा मानना है कि चुनावों से पहले काफी प्रगति हो जाएगी, जिसमें फिल्म सिटी की तैयारियां भी शामिल हैं।”
उन्होंने हालांकि, यह स्पष्ट नहीं किया कि वह 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों या 2029 के लोकसभा चुनावों का जिक्र कर रहे थे।
कपूर ने कहा कि हवाई अड्डे के चालू होने से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार की इस महत्वाकांक्षी ‘ग्रीनफील्ड फिल्म सिटी’ परियोजना को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।
उन्होंने कहा, “जैसे ही हवाई अड्डा चालू होगा, ‘इंटरनेशनल फिल्म सिटी’ भी तेजी से आकार लेगी। सिर्फ फिल्म सिटी ही नहीं, बल्कि कई अन्य उद्योग भी यहां आएंगे, जिससे पूरे देश को लाभ होगा।”
परियोजना को देश की अर्थव्यवस्था में योगदान देने वाला बताते हुए कपूर ने कहा, “इस क्षेत्र का विकास, उत्तर प्रदेश का विकास है और उत्तर प्रदेश का विकास, भारत के विकास में योगदान देगा।”