अपने फिल्मी सफर को लेकर खुद को ‘धन्य’ और ‘गौरवान्वित’ महसूस करती हूं: हेमा मालिनी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 11-07-2026
I feel blessed and proud of my film journey: Hema Malini
I feel blessed and proud of my film journey: Hema Malini

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
भारतीय सिनेमा में अपने 60 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहीं दिग्गज अभिनेत्री हेमा मालिनी ने कहा है कि वह अपने फिल्मी सफर को लेकर खुद को ‘‘धन्य’’ और ‘‘गौरवान्वित’’ महसूस करती हैं।

उन्होंने इस यात्रा का श्रेय फिल्म निर्माताओं, सह-कलाकारों, तकनीशियनों और अपने परिवार के अटूट सहयोग को दिया।
 
अभिनेत्री ने इस उपलब्धि का जश्न ‘हेमा मालिनी - लाइव इन कॉन्सर्ट: सेलिब्रेटिंग द ड्रीम गर्ल्स डायमंड जुबली – 60 ग्लोरियस इयर्स इन सिनेमा’ कार्यक्रम के जरिए मनाया।
 
मुंबई के षण्मुखानंद हॉल में शुक्रवार शाम आयोजित इस कार्यक्रम में 15 सदस्यीय लाइव ऑर्केस्ट्रा ने उनके फिल्मी करियर के यादगार पड़ावों को गीतों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
 
‘शोले’, ‘सीता और गीता’, ‘सत्ते पे सत्ता’, ‘खुशबू’, ‘नसीब’ और ‘बागबान’ जैसी फिल्मों की अदाकारा हेमा मालिनी ने कहा कि वर्षों से उन्हें मिले दर्शकों के प्यार और समर्थन के लिए वह आभारी हैं।
 
उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपनी मां की आभारी हूं, जिन्होंने हमेशा मेरा साथ दिया। मेरा मानना है कि बच्चों के जीवन और करियर में मां की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका होती है। मेरा परिवार हमेशा मेरे साथ खड़ा रहा और उसी वजह से मैं आगे बढ़ सकी।’’
 
अभिनेत्री ने कहा, ‘‘मैं इस शानदार फिल्म उद्योग का हिस्सा बनकर बेहद खुश और गर्व महसूस करती हूं। इस उद्योग ने अतीत और वर्तमान में कई सितारों को जन्म दिया है। मैंने यहां कई दशक बिताए हैं, करीब 200 फिल्मों में काम किया है, अनेक यादगार गीतों का हिस्सा रही हूं और कई निर्देशकों तथा अभिनेताओं के साथ काम करने का अवसर मिला है।’’
 
छह दशक लंबे करियर में 200 से अधिक फिल्मों में अभिनय कर चुकीं हेमा मालिनी ने दो फिल्मों का निर्देशन भी किया है। इनमें शाहरुख खान अभिनीत ‘दिल आशना है’ (1992) और उनकी बेटी ईशा देओल अभिनीत ‘टेल मी ओ खुदा’ (2011) शामिल हैं।
 
उन्होंने कहा, ‘‘फिल्म उद्योग बहुत विशाल और खूबसूरत है। यह हर किसी को अवसर देता है। बस आपके भीतर प्रतिभा और समर्पण होना चाहिए, तब आप सफलता की ऊंचाई तक पहुंच सकते हैं।’’
 
हेमा मालिनी ने परदे के पीछे काम करने वाले तकनीशियनों, जैसे कॉस्ट्यूम डिजाइनर, मेकअप आर्टिस्ट और सिनेमैटोग्राफर के योगदान को भी सराहा।
 
जब उनसे पूछा गया कि क्या दीपिका पादुकोण उनकी जीवनी पर आधारित फिल्म में उनका किरदार निभा सकती हैं, तो हेमा मालिनी ने तुरंत सहमति जताई।
 
उन्होंने कहा, ‘‘अगर वह चाहें तो कर सकती हैं। कोई भी यह फिल्म कर सकता है। दीपिका बेहद खूबसूरत और प्रतिभाशाली अभिनेत्री हैं।’’
 
इस अवसर पर सुदेश भोंसले, सुरेश वाडकर, पद्मिनी कोल्हापुरी, शब्बीर कुमार, अनु मलिक, अनूप जलोटा, कविता कृष्णमूर्ति, विजेता पंडित और पूर्णिमा श्रेष्ठा ने हेमा मालिनी के लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति दी, जिनमें ‘मेरी मखना मेरी सोनिये’, ‘होरी खेले रघुवीरा’ और ‘एक न एक दिन ये कहानी बनेगी’ शामिल हैं।