Hollywood actor Matt Damon expresses his desire to work with filmmaker Shekhar Kapur.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
हॉलीवुड अभिनेता मैट डेमन ने शनिवार को कहा कि वह एक दिन प्रख्यात फिल्मकार शेखर कपूर के साथ काम करना चाहते हैं। उन्होंने याद किया कि वह कैसे दो दशक से भी पहले फिल्म ‘‘द फोर फेदर्स’’ में निर्देशक के साथ काम करने का मौका चूक गए थे।
क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म ‘‘द ओडिसी’’ के भारत में प्रीमियर के अवसर पर मुंबई में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में डेमन ने कहा कि शेखर कपूर के साथ काम करना उनकी लंबे समय से इच्छा रही है।
उन्होंने कहा, "जब मैंने शुरुआत की थी, उस समय हर कोई शेखर कपूर के साथ काम करना चाहता था। मुझे याद है कि किसी वजह से मैं ‘द फोर फेदर्स’ नहीं कर पाया था और मुझे इसका बहुत अफसोस था, क्योंकि मेरा चयन ‘बॉर्न’ फिल्म के लिए हो गया था।’’
अभिनेता ने कहा, ‘‘इसलिए शेखर कपूर हमेशा उस सूची में रहे हैं, जिनके साथ मैं काम करना चाहता हूं। मैं उनके साथ काम करने का एक और मौका चाहता हूं। यह करीब 20 साल पुराना एक छोटा-सा कर्ज है, जिसे मैं अब तक अपने साथ लिए घूम रहा हूं।’’