I am overwhelmed by the love that 'Main Wapas Aaunga' is receiving from the audience: Imtiaz Ali
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
फिल्मकार इम्तियाज अली ने कहा है कि उनकी विभाजन पर आधारित फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ को दर्शकों से मिल रहे जबरदस्त समर्थन से वह अभिभूत हैं। दर्शकों के सकारात्मक रुख ने फिल्म को रिलीज के दूसरे सप्ताह में बॉक्स ऑफिस पर उल्लेखनीय बढ़त दिलाई है।
अली इन दिनों विभिन्न शहरों का दौरा कर रहे हैं और सिनेमाघरों में जाकर दर्शकों की प्रतिक्रिया को करीब से देख रहे हैं। 12 जून को रिलीज हुई इस फिल्म ने अपने प्रदर्शन के 10वें दिन सबसे अधिक कमाई दर्ज की। फिल्मों के कारोबार पर नजर रखने वाली वेबसाइट ‘सैकनिल्क’ के अनुसार, फिल्म ने इस एक दिन में भारत में 1,971 शो से 5.75 करोड़ रुपये की शुद्ध कमाई की।
अली ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘आखिरकार जनता ही जनार्दन है। हम अक्सर लोगों को अलग-अलग वर्गों और श्रेणियों में बांटकर उनकी प्रतिक्रिया का अनुमान लगाने की कोशिश करते हैं, लेकिन मेरा मानना है कि लोग सिनेमा को गहराई से समझते हैं। हमें उनसे सीखना चाहिए कि फिल्म कैसे बनाई जाए और उसका विपणन कैसे किया जाए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं ‘मैं वापस आऊंगा’ को मिल रही प्रतिक्रिया से अभिभूत हूं। मैं सिनेमाघरों में जाकर दर्शकों के चेहरों को देखता हूं और उनकी नजरों से फिल्म को समझने की कोशिश करता हूं। मैं अब तक छह शहरों का दौरा कर चुका हूं और आगे भी कई जगह जाने की योजना है।’’
फिल्म को समीक्षकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी, लेकिन शुरुआती तीन दिनों में बॉक्स ऑफिस पर इसका प्रदर्शन अपेक्षाकृत धीमा रहा। सातवें दिन फिल्म की कमाई बढ़कर 2.20 करोड़ रुपये पहुंच गई और पहले सप्ताह का कुल संग्रह 12.25 करोड़ रुपये रहा।
दूसरे सप्ताह में फिल्म ने अप्रत्याशित उछाल दर्ज करते हुए मात्र तीन दिनों में लगभग 12 करोड़ रुपये की कमाई की, जो पहले सप्ताह के कुल संग्रह के बराबर है। सकारात्मक चर्चा को देखते हुए वितरकों और प्रदर्शकों ने फिल्म के शो की संख्या बढ़ाने की घोषणा भी की।
नसीरुद्दीन शाह, दिलजीत दोसांझ, वेदांग रैना और शरवरी अभिनीत इस फिल्म की अब तक की कुल शुद्ध कमाई 26.75 करोड़ रुपये हो चुकी है। सोमवार को फिल्म ने 2.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
अली ने कहा कि फिल्म व्यापार से जुड़े लोगों ने दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया को देखते हुए जिस तरह अतिरिक्त स्क्रीन और शो उपलब्ध कराए, उसके लिए वह उनके आभारी हैं।