लॉक अप' में राम कपूर, शिवांगी जोशी की एंट्री

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 23-06-2026
Ram Kapoor and Shivangi Joshi enter 'Lock Upp'
Ram Kapoor and Shivangi Joshi enter 'Lock Upp'

 

मुंबई।

बहुप्रतीक्षित रियलिटी शो 'लॉक अप: सच या सज़ा' को लेकर दर्शकों का इंतजार अब और बढ़ गया है। शो के निर्माताओं ने सोमवार को मुंबई में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शो के पहले तीन प्रतियोगियों के नामों की घोषणा की। अनुभवी अभिनेता राम कपूर, लोकप्रिय टीवी अभिनेत्री शिवांगी जोशी और 'देसी ब्लिंग' फेम पामेला सेरेना शो में बतौर प्रतिभागी नजर आएंगे।

इस नए रियलिटी शो को फिल्म निर्माता और कोरियोग्राफर फराह खान तथा अभिनेता रितेश देशमुख होस्ट करेंगे। शो में कुल 14 प्रतियोगी हिस्सा लेंगे, जिन्हें छह सप्ताह तक एक विशेष 'लॉक अप' में रहना होगाIप्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राम कपूर ने शो में शामिल होने को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर की। उन्होंने बताया कि चार महत्वपूर्ण कारणों ने उन्हें इस शो का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित किया।

राम कपूर ने कहा, "इस शो से जुड़ने के लिए मुझे चार संकेत मिले। पहला, मेरे एक करीबी और सम्मानित कास्टिंग एजेंट ने मुझे इस शो के लिए संपर्क किया। दूसरा, फराह खान और रितेश देशमुख का इस शो से जुड़ना मेरे लिए खास कारण था। फराह, साजिद और मैं बचपन के दोस्त हैं। और अंत में, जब भी मैंने एकता कपूर के साथ काम किया है, हमने कुछ जादुई किया है।"

टीवी इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्री शिवांगी जोशी भी इस शो का हिस्सा बनने जा रही हैं। शिवांगी ने अपने अभिनय और मासूम छवि से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है। वहीं, सोशल मीडिया और मनोरंजन जगत में तेजी से उभरती पामेला सेरेना भी शो में अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज कराने के लिए तैयार हैं।

निर्माताओं के अनुसार, 'लॉक अप: सच या सज़ा' केवल एक रियलिटी शो नहीं, बल्कि एक सामाजिक प्रयोग होगा, जहां प्रतिभागियों की रणनीति, धैर्य, रिश्ते और उनके छिपे हुए सच की परीक्षा होगी।

शो की निर्माता एकता कपूर ने कहा कि यह कार्यक्रम उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने कहा, "मैंने अपने करियर में कई सफल टीवी शो बनाए हैं, लेकिन 'लॉक अप: सच या सज़ा' की अपनी अलग पहचान है। यह शो प्रतिभागियों को उनकी सुविधाओं और बाहरी दुनिया से दूर ले जाकर ऐसी परिस्थितियों में रखता है, जहां हर फैसला और हर राज मायने रखता है।"

एकता कपूर ने आगे कहा कि नेटफ्लिक्स के साथ इस शो को पेश करना उनके लिए रोमांचक अनुभव है, क्योंकि इससे शो को बड़े स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।शो का निर्माण बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड और कोलोसियम द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है, जबकि मलय प्रधान इसकी कार्यकारी निर्माता हैंनिर्माताओं के अनुसार, शो में प्रतिभागियों को भोजन, आवश्यक वस्तुएं और अन्य सुविधाएं हासिल करने के लिए विभिन्न टास्क पूरे करने होंगे। इन टास्क के जरिए उन्हें गेम की मुद्रा अर्जित करनी होगी। लेकिन इस खेल की सबसे महत्वपूर्ण और खतरनाक 'करेंसी' होगी—सच।

'लॉक अप: सच या सज़ा' जल्द ही नेटफ्लिक्स पर विशेष रूप से स्ट्रीम किया जाएगा।