नई दिल्ली।
रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूत पकड़ बनाए हुए है। 5 दिसंबर को रिलीज हुई यह जासूसी थ्रिलर अब भी सिनेमाघरों में दर्शकों को खींच रही है। फिल्म का निर्देशन आदित्य धर ने किया है। शुरुआत से ही इसे अच्छा रिस्पॉन्स मिला। पहले हफ्ते में ही साफ हो गया था कि फिल्म लंबी रेस की खिलाड़ी है।
मंगलवार 17 फरवरी को प्रोडक्शन कंपनी बी62 ने बड़ा अपडेट दिया। फिल्म ने सिनेमाघरों में 75 दिन पूरे कर लिए हैं। इसे हिंदी सिनेमा के लिए खास उपलब्धि माना जा रहा है। मेकर्स ने सोशल मीडिया पर लिखा कि धुरंधर का 75 दिन का सफर मजबूत रहा।
कमाई के मामले में भी फिल्म ने नया रिकॉर्ड बनाया है। 75 दिनों में भारत में इसका कलेक्शन 838 करोड़ रुपये पहुंच गया है। यह हिंदी सिनेमा की पहली फिल्म बताई जा रही है जिसने घरेलू बाजार में 800 करोड़ का आंकड़ा पार किया है।
दुनियाभर में फिल्म की कमाई 1300 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है। इस आंकड़े के साथ इसने कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। ट्रेड एक्सपर्ट मानते हैं कि इस सफलता से रणवीर सिंह के करियर को नई रफ्तार मिली है। हाल की फ्लॉप फिल्मों के बाद यह उनके लिए बड़ी वापसी मानी जा रही है।
फिल्म में अक्षय खन्ना का अलग अंदाज देखने को मिला। उनका रैप सॉन्ग FA9LA सोशल मीडिया पर वायरल है। दर्शक उनके डांस और स्क्रीन प्रेजेंस की चर्चा कर रहे हैं।इसके अलावा अर्जुन रामपाल, आर माधवन और संजय दत्त ने भी अपनी भूमिकाओं से असर छोड़ा है। सभी कलाकारों की मौजूदगी ने फिल्म को मजबूत बनाया है।
फिल्म को ओटीटी पर रिलीज किए जाने के बाद भी सिनेमाघरों में इसकी कमाई जारी है। आम तौर पर ओटीटी रिलीज के बाद थिएटर कलेक्शन गिरता है। लेकिन धुरंधर के साथ ऐसा नहीं हुआ।इसी बीच मेकर्स ने सीक्वल का ऐलान कर दिया है। फिल्म का नाम होगा धुरंधर द रिवेंज। इसका टीजर जारी किया जा चुका है। नई फिल्म 19 मार्च को दुनिया भर में रिलीज होगी।
अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या सीक्वल पहली फिल्म का रिकॉर्ड तोड़ पाएगा। फिलहाल धुरंधर की सफलता की चर्चा हर तरफ हो रही है।