आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अभिनेत्री अनुष्का शर्मा और उनके पति एवं क्रिकेटर विराट कोहली रविवार को मुंबई में आयोजित कृष्णा दास के कीर्तन में शामिल हुए। इस कार्यक्रम के वीडियो इंटरनेट पर प्रसारित हो रहे हैं।
यह कार्यक्रम मुंबई के वर्ली स्थित डोम, एसवीपी स्टेडियम में आयोजित किया गया था। इसमें अमेरिकी कीर्तन गायक और संगीतकार कृष्णा दास ने अपने संगीतकारों के साथ प्रस्तुति दी।
वीडियो में अनुष्का शर्मा और विराट कोहली दर्शकों की पहली पंक्ति में बैठे दिखाई दे रहे हैं। गुलाबी रंग का सूट पहने अनुष्का कीर्तन के दौरान भजन गाते और तालियां बजाते नजर आईं। वहीं, विराट ने काली टी-शर्ट और सफेद पैंट पहनी हुई थी।
अनुष्का आखिरी बार 2018 में रिलीज हुई फिल्म ‘जीरो’ में नजर आई थीं। इस फिल्म में शाहरुख खान और कैटरीना कैफ भी थे। वह अगली बार क्रिकेटर झूलन गोस्वामी के जीवन पर आधारित खेल बायोपिक ‘चकदा एक्सप्रेस’ में दिखाई देंगी। फिल्म की शूटिंग 2022 में पूरी हो गई थी, लेकिन इसकी रिलीज की तारीख की घोषणा अभी नहीं हुई है।
फिल्म का निर्देशन प्रोसित रॉय ने किया है और इसका निर्माण क्लीन स्लेट फिल्म्ज के बैनर तले कर्णेश शर्मा ने किया है। इसमें अनुष्का को झूलन गोस्वामी के किरदार में देखा जा सकेगा। झूलन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास की महानतम और सबसे तेज महिला गेंदबाजों में शामिल हैं।