आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मुंबई अपराध शाखा ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोली चलाने वाले हमलावरों द्वारा कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए दो हथियार और दस कारतूस गुजरात के सूरत से बरामद किए हैं। शनिवार को पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
इस मामले की जांच कर रहे अधिकारियों ने शुक्रवार को विशेष अभियान के तहत छापेमारी की, जिसके दौरान ये हथियार बरामद किए गए।
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, अपराध शाखा की टीमों ने हमलावरों को हथियार उपलब्ध कराने वालों के बारे में जानकारी जुटाई, इसी के आधार पर टीम सूरत में एक ठिकाने तक पहुंची, जहां से हथियार बरामद किए गए।
बरामद हथियारों और कारतूसों को फॉरेंसिक जांच और बैलिस्टिक परीक्षण के लिए भेज दिया गया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन हथियारों से चलाई गई गोलियां घटनास्थल से मिले खाली कारतूसों से मेल खाती हैं या नहीं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि हथियारों की आपूर्ति से जुड़े अन्य लोगों और कड़ियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
टाइगर श्रॉफ की कार पर 18 अक्टूबर की शाम मुंबई के जुहू इलाके में कम से कम दो लोगों ने गोलियां चलाई थीं। इसके बाद वे मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए थे।