मुंबई:
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की तबीयत खराब होने और डॉक्टरों की ओर से आराम करने की सलाह दिए जाने के बाद उनके प्रशंसक चिंतित थे। इसी बीच, अभिनेता रविवार को मुंबई स्थित अपने आवास जलसा के बाहर प्रशंसकों के सामने आए। उन्होंने हाथ हिलाकर अपने चाहने वालों का अभिवादन किया और अपनी सेहत को लेकर उन्हें राहत दी।
अमिताभ बच्चन ने हाल ही में सोशल मीडिया के जरिए अपनी खराब तबीयत की जानकारी दी थी। डॉक्टरों की सलाह पर उन्होंने कुछ समय तक सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखने का फैसला किया। इसके बाद एक अन्य पोस्ट में उन्होंने बताया कि उनकी सेहत में अभी पूरी तरह सुधार नहीं हुआ है और स्वस्थ होने के लिए उन्हें कुछ और समय तथा आराम की जरूरत है।
इसी दौरान अमिताभ बच्चन के आवास पर बम हमले की धमकी मिलने की खबर ने भी चिंता बढ़ा दी। बताया गया कि धमकी भरा ईमेल मिला था। हालांकि, शुरुआती खबरों में यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि धमकी उनके बंगले जलसा को दी गई थी या प्रतीक्षा को। घटना के बाद उनके आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई।
रविवार को जलसा के बाहर अमिताभ बच्चन की मौजूदगी देखकर प्रशंसकों ने राहत की सांस ली। अभिनेता ने वहां जुटे प्रशंसकों का अभिवादन किया और उनकी मौजूदगी के लिए आभार जताया। इस दौरान उन्होंने अपनी तबीयत ठीक होने का भरोसा भी दिया।
अमिताभ बच्चन के साथ उनके बेटे अभिषेक बच्चन भी नजर आए। अभिनेता कड़ी सुरक्षा के बीच प्रशंसकों के सामने आए। अपने पसंदीदा सितारे को करीब से देखकर प्रशंसक उत्साहित दिखाई दिए।
उधर, मुंबई पुलिस को शुक्रवार को अमिताभ बच्चन के बंगले पर बम हमले की धमकी से संबंधित ईमेल मिलने की सूचना मिली थी। बताया गया कि यह ईमेल मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) स्थित एक स्कूल में मिला था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।