Actor Anup Soni disappointed as some scenes of 'Shaak' were not included in the final version
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अभिनेता अनूप सोनी ने परिणीति चोपड़ा अभिनीत वेब सीरीज ‘शक’ के कुछ दृश्यों को अंतिम संस्करण में शामिल नहीं किए जाने पर निराशा जताते हुए कहा कि ऐसे दृश्यों को तैयार करने में काफी मेहनत और संसाधन लगते हैं।
इस सीरीज में सोनी ने इंस्पेक्टर खुराना की भूमिका निभाई है। इसकी कहानी चोपड़ा के किरदार के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने लापता बच्चे की तलाश में जुटी है। सीरीज का निर्माण सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा ने किया है, जबकि रेन्सिल डिसिल्वा ने इसका निर्देशन किया है। डिसिल्वा इस सीरीज के सह-निर्माता भी हैं।
सोनी ने रविवार को अपने इंस्टाग्राम खाते पर कई वीडियो साझा किए, जिनमें सीरीज के वे दृश्य शामिल थे, जिन्हें अंतिम संस्करण में जगह नहीं मिली।
उन्होंने लिखा, ‘‘‘शक’ में खुराना साहब के कुछ दृश्य, जो अंतिम संस्करण में शामिल नहीं हो पाए।’’
अभिनेता ने कहा, ‘‘इन दृश्यों को तैयार करने में काफी सोच-विचार, समय, मेहनत और संसाधन लगते हैं। लेखक, निर्देशक, एक्शन कोरियोग्राफर, कलाकार, सिनेमैटोग्राफर, निर्माता और पूरी टीम इस प्रक्रिया में योगदान देती है।’’