नई दिल्ली
2010 में आई सुपरहिट फिल्म दबंग ने सलमान खान के करियर को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया और बॉलीवुड की मुख्यधारा में भी बड़ा बदलाव लाया। लेकिन इस फिल्म की चमकदार सफलता के पीछे छिपे तनाव और सियासत को अब इसके निर्देशक अभिनव कश्यप ने खुलकर सामने रखा है।
"सलमान खान एक गुंडा है"
स्क्रीन मैगजीन को दिए इंटरव्यू में अभिनव कश्यप ने सलमान खान के व्यवहार और खान परिवार की रणनीतियों की जमकर आलोचना की। उन्होंने कहा, “सलमान कभी एक्टिंग में रुचि नहीं लेते। 25 साल में उनमें कोई कलात्मक विकास नहीं दिखा। सेट पर उनका रवैया ऐसा होता था जैसे वे मजबूरी में आए हों। वे स्टारडम के नशे में डूबे रहते हैं, लेकिन कला और जिम्मेदारी से दूर हैं। सच कहूँ तो वह एक गुंडे, असभ्य और बुरे इंसान हैं।”
खान परिवार पर गंभीर आरोप
अभिनव ने आरोप लगाया कि सलमान और उनका परिवार इंडस्ट्री में एक अदृश्य सत्ता तंत्र चला रहे हैं। उनके अनुसार, “वे प्रतिशोधी हैं। अगर आप उनके साथ नहीं हैं, तो वे आपको निशाना बनाते हैं। पिछले 50 सालों से यह परिवार फिल्म इंडस्ट्री को अपने हिसाब से चलाता आ रहा है। यह सिर्फ सत्ता का खेल नहीं है, बल्कि कला को दबाने और इंडस्ट्री का गला घोंटने की रणनीति है।”
अनुराग कश्यप का अनुभव भी जोड़ा
अभिनव ने यह भी खुलासा किया कि उनके भाई अनुराग कश्यप को भी फिल्म तेरे नाम के समय इसी तरह के अनुभव का सामना करना पड़ा था। उन्होंने कहा, “अनुराग ने मुझे सलमान के साथ काम न करने की सलाह दी थी। वह जानते थे कि मैं आसानी से उनके जाल में फंस सकता हूँ। उन्होंने तेरे नाम की स्क्रिप्ट लिखी थी, लेकिन बोनी कपूर के व्यवहार से परेशान होकर प्रोजेक्ट छोड़ दिया। उन्हें कोई श्रेय भी नहीं दिया गया। मेरे साथ भी वही हुआ – अच्छी स्क्रिप्ट की अहमियत यहाँ कोई नहीं समझता, बस स्टारडम भुनाया जाता है।”
सलमान खान ने अब तक इन गंभीर आरोपों पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। उनकी चुप्पी कई सवाल खड़े करती है – क्या सलमान सिर्फ पर्दे पर हीरो हैं, या असल ज़िंदगी में उनके बर्ताव का भी हिसाब होना चाहिए?