आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
नीट प्रश्नपत्र लीक होने के विरोध में राष्ट्रीय राजधानी में प्रदर्शन करने वाले छात्रों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के मुद्दे पर गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग और अयोध्या के राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे पर चर्चा कराने तथा जवाबदेही तय करने की मांग को लेकर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण शुक्रवार को राज्यसभा की बैठक शुरू होने के करीब बीस मिनट बाद पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई।
हंगामे की वजह से उच्च सदन में शून्यकाल केवल 15 मिनट ही चल पाया और चार सदस्यों ने आसन की अनुमति से लोक महत्व से जुड़े अपने अपने मुद्दे उठाए।
पूर्वाह्न 11 बजे कार्यवाही शुरू होने पर सभापति सी पी राधाकृष्णन ने आवश्यक दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाए। इसके बाद उन्होंने शून्यकाल शुरू करने को कहा। इसी दौरान नीट प्रश्नपत्र लीक के विरोध में राष्ट्रीय राजधानी में प्रदर्शन करने वाले छात्रों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के मुद्दे पर गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग और अयोध्या के राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे पर चर्चा कराने तथा जवाबदेही तय करने की मांग को लेकर विपक्षी सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया।