आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पश्चिम बंगाल के कोलकाता में प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के सैकड़ों पत्रकारों ने सोमवार को रैली निकालकर शहर में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) प्रश्न पत्र लीक के विरोध में 24 जुलाई को हुए प्रदर्शन के दौरान मीडिया कर्मियों पर कथित हमले का विरोध किया।
इस प्रदर्शन के दौरान कई पत्रकार घायल हो गए थे।
कोलकाता और कई जिलों के रिपोर्टर, फोटो पत्रकार, वीडियो पत्रकार और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर इस विरोध रैली में शामिल हुए।
यह रैली प्रेस क्लब से शुरू होकर रानी रासमणि एवेन्यू पर समाप्त हुई।
पत्रकारों ने अपने पेशेवर कर्तव्यों का पालन करते समय मीडिया कर्मियों की सुरक्षा की मांग को लेकर मानव श्रृंखला बनाई।
पुलिस ने नीट प्रश्न पत्र लीक के विरोध में 24 जुलाई को निकाले गए मार्च के दौरान हुई हिंसा के मामले में अब तक 16 लोगों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए गए लोगों में से पांच को घटनाक्रम को दोबारा समझने के लिए सोमवार को एस्प्लेनेड स्थित डोरिना चौराहे ले जाया गया।
प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा में घायल पत्रकारों ने दिन में लोक भवन जाकर अधिकारियों से मुलाकात की।
उन्होंने अधिकारियों को घटना की जानकारी दी और मामले में हस्तक्षेप की मांग की।
उस समय राज्यपाल आर. एन. रवि लोक भवन में मौजूद नहीं थे।
बाद में पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के उत्तरी हिस्से में स्थित जलपाईगुड़ी में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में राजनीतिक रैलियों और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों की रिपोर्टिंग के दौरान पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की गई।
शुभेंदु ने इस संबंध में कहा कि पत्रकारों पर हमले स्वीकार्य नहीं हैं।