नई दिल्ली
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में 2025–2026 सत्र के छात्र संघ चुनाव की तैयारियाँ अब तेज़ हो गई हैं। सोमवार से उम्मीदवार अपने नामांकन दाखिल करेंगे। यह चुनाव 4 नवंबर को दो चरणों में संपन्न होगा, जबकि मतगणना उसी रात शुरू होकर 6 नवंबर को अंतिम परिणाम घोषित किए जाएंगे।
चुनाव समिति द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, नामांकन पत्रों का वितरण 25 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे के बीच किया गया था। उम्मीदवार अब 27 अक्टूबर (सोमवार) को सुबह 9:30 बजे से शाम 5 बजे तक अपने नामांकन दाखिल कर सकते हैं। वैध नामांकनों की सूची 28 अक्टूबर को सुबह 10 बजे जारी की जाएगी। इसके बाद उसी दिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे के बीच उम्मीदवार अपने नामांकन वापस ले सकते हैं।
अधिसूचना में यह भी कहा गया है कि उम्मीदवारों की अंतिम सूची 28 अक्टूबर की शाम 7 बजे तक जारी की जाएगी। इसके तुरंत बाद रात 8 बजे प्रेस वार्ता और प्रचार स्थलों के आवंटन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
चुनाव का सबसे चर्चित कार्यक्रम, यानी ‘प्रेसिडेंशियल डिबेट’ (Presidential Debate), 2 नवंबर को आयोजित की जाएगी। इसके बाद 3 नवंबर को विश्वविद्यालय में ‘नो कैंपेन डे’ घोषित किया गया है, ताकि मतदान से एक दिन पहले छात्रों को निष्पक्ष वातावरण मिल सके।
मतदान 4 नवंबर को दो सत्रों में होगा — पहला सत्र सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक और दूसरा सत्र 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक चलेगा। मतदान के तुरंत बाद, रात 9 बजे से मतगणना शुरू होगी।
फिलहाल, विश्वविद्यालय परिसर में चुनावी माहौल चरम पर है। विभिन्न छात्र संगठनों के पोस्टर, बैनर और नुक्कड़ सभाएँ लगातार देखी जा रही हैं। नामांकन दाखिल होने के साथ ही प्रचार और बहसों का तापमान और बढ़ने की उम्मीद है।
जेएनयू में छात्र राजनीति लंबे समय से देशभर में चर्चित रही है, और इस बार के चुनाव को भी राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण छात्र राजनीतिक मुकाबला माना जा रहा है।