नई दिल्ली:
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने कक्षा 12 के छात्रों के लिए अंक सत्यापन (Verification of Marks) और पुनर्मूल्यांकन (Re-evaluation) पोर्टल शुरू कर दिया है। तकनीकी समस्याओं और साइबर सुरक्षा संबंधी चिंताओं के कारण हुई देरी के बाद पोर्टल के शुरू होने से लाखों छात्रों और अभिभावकों को राहत मिली है।
सीबीएसई मुख्यालय ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए बताया कि पोर्टल अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। बोर्ड ने छात्रों से आवेदन प्रक्रिया को ध्यानपूर्वक पूरा करने और जारी किए गए दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
सीबीएसई ने अपने संदेश में कहा, "प्रिय विद्यार्थियों, सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन पोर्टल अब लाइव है। आवेदन करने की प्रक्रिया को समझने के लिए चरण-दर-चरण निर्देशों वाला वीडियो ध्यान से देखें और उसी के अनुसार आवेदन करें।"
यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब एक दिन पहले ही सीबीएसई के एक अधिकारी ने बताया था कि 1 जून से शुरू होने वाला पोर्टल कुछ तकनीकी समस्याओं के कारण निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो सका। इसके चलते छात्रों और अभिभावकों के बीच चिंता का माहौल बन गया था। विशेष रूप से उन छात्रों में अधिक बेचैनी थी जो अपने अंकों के सत्यापन या उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन करना चाहते थे।
दरअसल, हाल के दिनों में उत्तर पुस्तिकाओं तक पहुंच से जुड़ी प्रक्रिया के दौरान भी कुछ तकनीकी गड़बड़ियों की शिकायतें सामने आई थीं। इसके बाद बोर्ड ने पोर्टल की सुरक्षा और कार्यक्षमता को मजबूत बनाने के लिए अतिरिक्त कदम उठाने का फैसला किया।
सीबीएसई ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि उसका उद्देश्य छात्रों को पूरी तरह पारदर्शी, सुरक्षित और त्रुटिरहित प्रक्रिया उपलब्ध कराना है। बोर्ड के अनुसार, पोस्ट रिजल्ट गतिविधियों के लिए आवेदन करने वाले छात्रों को किसी प्रकार की तकनीकी परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए पोर्टल को अतिरिक्त परीक्षणों से गुजारा गया।
साइबर सुरक्षा को लेकर उठी चिंताओं के बीच सीबीएसई ने हाल ही में अपने सेवा प्रदाता द्वारा संचालित ऑनमार्क पोर्टल की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है। बोर्ड ने बताया कि विभिन्न सरकारी एजेंसियों और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) के साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों की एक टीम को इस कार्य में लगाया गया था।
सीबीएसई के अनुसार, विशेषज्ञों ने पोर्टल में मौजूद संभावित कमजोरियों की पहचान कर उन्हें दूर कर दिया है। साथ ही अतिरिक्त सुरक्षा परीक्षण भी किए गए ताकि भविष्य में किसी प्रकार की साइबर सुरक्षा समस्या उत्पन्न न हो।
बोर्ड ने उन जागरूक नागरिकों और एथिकल हैकर्स की भी सराहना की है जिन्होंने संभावित सुरक्षा खामियों की जानकारी देकर प्रणाली को और सुरक्षित बनाने में योगदान दिया।
इस बीच सीबीएसई ने छात्रों को सलाह दी है कि यदि उन्हें आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की कठिनाई आती है या कोई स्पष्टीकरण चाहिए, तो वे सीबीएसई टेली-काउंसलिंग हेल्पलाइन 1800-11-8004 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा छात्र [email protected] पर ईमेल के माध्यम से भी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
गौरतलब है कि हाल के सप्ताहों में पोस्ट-रिजल्ट पोर्टल में तकनीकी खामियों और मूल्यांकन की गई उत्तर पुस्तिकाओं में कथित विसंगतियों को लेकर सीबीएसई पर दबाव बढ़ा था। ऐसे में पोर्टल का सफलतापूर्वक शुरू होना बोर्ड के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे छात्रों को अपने परिणामों की समीक्षा का अवसर मिल सकेगा।