ओनिका माहेश्वरी/ नई दिल्ली
बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा के नतीजों ने कई युवाओं के सपनों को नई उड़ान दी है। शनिवार, 20 जून को घोषित परिणामों में मुस्लिम उम्मीदवारों की सफलता भी चर्चा का विषय बनी हुई है। हालांकि प्रशासनिक और पुलिस सेवाओं में मुस्लिम उम्मीदवारों की कुल सफलता का प्रतिशत अपेक्षाकृत कम रहा, फिर भी कई मुस्लिम बेटियों और बेटों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एसडीएम और डीएसपी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर चयन हासिल किया है।
जारी परिणामों के अनुसार बिहार प्रशासनिक सेवा (एसडीएम) के 200 पदों में 12 मुस्लिम उम्मीदवारों का चयन हुआ है। इनमें 5 महिला और 7 पुरुष उम्मीदवार शामिल हैं। इस तरह प्रशासनिक सेवा में मुस्लिम उम्मीदवारों की हिस्सेदारी 6 प्रतिशत रही। वहीं बिहार पुलिस सेवा (डीएसपी) के 136 पदों पर चयनित उम्मीदवारों में 10 मुस्लिम उम्मीदवार शामिल हैं, जिनमें 5 महिलाएं और 5 पुरुष हैं। पुलिस सेवा में मुस्लिम उम्मीदवारों की सफलता का प्रतिशत 7.35 रहा, जो एसडीएम के मुकाबले थोड़ा बेहतर माना जा रहा है।
एसडीएम पद के लिए चयनित मुस्लिम महिला उम्मीदवारों में यासमीन बानो, साहेबा खान, मावरा जफर, साइका खातून, समरीन फातमा और मुस्कान शामिल हैं, जबकि पुरुष उम्मीदवारों में मोहम्मद इश्तियाक रहमान, रागिब नौशाद, रेयान हुसैन, मोहम्मद लुत्फुर रहमान, मोहम्मद शाह फहाद और साकिब हसन ने सफलता प्राप्त की है। इन उम्मीदवारों में कई ने राज्य स्तर पर उल्लेखनीय रैंक हासिल की है। मुस्लिम उम्मीदवारों में मोहम्मद इश्तियाक रहमान ने 11वीं रैंक प्राप्त कर सबसे बेहतर प्रदर्शन किया और वह टॉप-20 में जगह बनाने वाले मुस्लिम उम्मीदवार रहे। हालांकि इस बार कोई भी मुस्लिम उम्मीदवार टॉप-10 में स्थान नहीं बना सका। यासमीन बानो ने 33वीं, साहेबा खान ने 35वीं, रागिब नौशाद ने 39वीं और मावरा जफर ने 74वीं रैंक हासिल की।
एसडीएम पद के लिए चयनित मुस्लिम उम्मीदवारों में मोहम्मद इश्तियाक रहमान (रोल नंबर 502119) ने 11वीं रैंक प्राप्त की। यासमीन बानो (558246) 33वें, साहेबा खान (481260) 35वें, रागिब नौशाद (397642) 39वें, मावरा जफर (427154) 74वें, रेयान हुसैन (302559) 132वें, मोहम्मद लुत्फुर रहमान (225394) 144वें, मोहम्मद शाह फहाद (528729) 156वें, साकिब हसन (392458) 222वें, साइका खातून (520027) 236वें, समरीन फातमा (328162) 282वें तथा मुस्कान (124474) 1768वीं रैंक पर रहीं।
वहीं बिहार पुलिस सेवा (डीएसपी) के लिए चयनित 10 मुस्लिम उम्मीदवारों में 5 महिला और 5 पुरुष शामिल हैं। महिला उम्मीदवारों में शिरीन नाज, बुशरा रहमान, जन्नत निशा, सानिया कलीम और हश्मत सबा ने सफलता हासिल की है, जबकि पुरुष उम्मीदवारों में मोहम्मद सरफराज आलम, अताउल हक, अहमद फराज, सद्दाम हुसैन और मोहम्मद हसनैन आलम शामिल हैं।
डीएसपी पद के लिए चयनित मुस्लिम उम्मीदवारों में मोहम्मद सरफराज आलम ने सबसे शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने डीएसपी रैंकिंग में पहला स्थान हासिल किया और राज्य स्तर पर ओवरऑल 60वीं रैंक प्राप्त की। इसके अलावा शिरीन नाज ने 259वीं और बुशरा रहमान ने 327वीं रैंक हासिल की। अन्य सफल उम्मीदवारों में अताउल हक 444वें, अहमद फराज 510वें, सद्दाम हुसैन 543वें, मोहम्मद हसनैन आलम 619वें, जन्नत निशा 695वें, सानिया कलीम 821वें और हश्मत सबा 1124वीं रैंक पर रहीं।
डीएसपी पद के लिए चयनित उम्मीदवारों के रोल नंबर भी जारी किए गए हैं। इनमें मोहम्मद सरफराज आलम (537173), शिरीन नाज (493468), बुशरा रहमान (219247), अताउल हक (207877), अहमद फराज (442891), सद्दाम हुसैन (126802), मोहम्मद हसनैन आलम (442233), जन्नत निशा (220779), सानिया कलीम (474656) और हश्मत सबा (308446) शामिल हैं।
बीपीएससी 70वीं परीक्षा के परिणामों में मुस्लिम उम्मीदवारों की कुल सफलता का प्रतिशत भले ही अपेक्षा से कम रहा हो, लेकिन कई छात्राओं और छात्रों ने उत्कृष्ट रैंक हासिल कर यह साबित किया है कि मेहनत और लगन के बल पर प्रशासनिक और पुलिस सेवाओं जैसे प्रतिष्ठित पदों तक पहुंचा जा सकता है। विशेष रूप से मुस्लिम बेटियों की उल्लेखनीय भागीदारी ने इस सफलता को और भी महत्वपूर्ण बना दिया है।