शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 283 अंक चढ़ा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 18-02-2026
Stock market rises for the third consecutive day, Sensex rises 283 points
Stock market rises for the third consecutive day, Sensex rises 283 points

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
मजबूत वैश्विक रुझान के बीच बुधवार को बैंकों, धातु एवं एफएमसीजी कंपनियों के शेयरों में लिवाली से स्थानीय शेयर बाजार लगातार तीसरे सत्र में बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 283 अंक चढ़ गया जबकि निफ्टी में 94 अंक की मजबूती रही।
 
बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 283.29 अंक यानी 0.34 प्रतिशत चढ़कर 83,734.25 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 83,770.05 अंक के उच्च स्तर तक पहुंच गया था।
 
वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 93.95 अंक यानी 0.37 प्रतिशत बढ़कर 25,819.35 अंक पर बंद हुआ।
 
सेंसेक्स की कंपनियों में से टाटा स्टील, आईटीसी, एक्सिस बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, महिंद्रा एंड महिंद्रा, लार्सन एंड टुब्रो, बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर और भारतीय स्टेट बैंक के शेयरों में प्रमुख रूप से बढ़त रही।
 
दूसरी ओर इन्फोसिस, एचसीएल टेक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, अदाणी पोर्ट्स, एशियन पेंट्स, मारुति सुजुकी इंडिया और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में गिरावट रही।
 
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘सतर्क शुरुआत के बाद अंतिम घंटे में व्यापक खरीदारी से बाजार में तेजी आई। बैंकिंग एवं वित्तीय शेयर स्थिर परिसंपत्ति गुणवत्ता की उम्मीदों के कारण मजबूत रहे, जबकि चुनिंदा एफएमसीजी शेयरों में खरीदारी से बेहतर प्रदर्शन देखने को मिला।’’
 
नायर ने कहा कि आईटी क्षेत्र एआई की वजह से व्यापक व्यवधान और मार्जिन दबाव की आशंकाओं से दबाव में रहा। निफ्टी 500 कंपनियों के तीसरी तिमाही के नतीजे अनुमानों के अनुरूप रहने से मध्यम अवधि में घरेलू आर्थिक स्थिरता के संकेत मिलते हैं।
 
एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की एक प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ, जबकि चीन, हांगकांग और दक्षिण कोरिया के बाजार पारंपरिक चंद्र नववर्ष अवकाश के कारण बंद रहे।
 
यूरोपीय बाजार दोपहर के कारोबार में तेजी के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।
 
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 995.21 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 187.04 करोड़ रुपये की खरीदारी की।
 
इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.33 प्रतिशत बढ़कर 67.64 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
 
मंगलवार को सेंसेक्स 173.81 अंक बढ़कर 83,450.96 अंक और निफ्टी 42.65 अंक चढ़कर 25,725.40 अंक पर बंद हुआ था।