Stock market gains marginally amid rise in crude oil prices, Sensex rises 43 points
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कच्चे तेल के भाव में तेजी और वैश्विक स्तर पर अनश्चितता के बीच स्थानीय शेयर बाजारों में सोमवार को मामूली तेजी रही और दोनों मानक सूचकांक मामूली बढ़त के साथ बंद हुए। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 43 अंक के लाभ में रहा जबकि एनएसई निफ्टी में 13 अंक की तेजी रही।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 43.27 अंक यानी 0.06 प्रतिशत बढ़कर 78,542.44 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह ऊंचे में 78,676.98 अंक तक गया और नीचे में 78,298.92 अंक तक आया। इस तरह कारोबार के दौरान इसमें 378.06 अंक का उतार-चढ़ाव रहा।
इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला निफ्टी भी 13.15 अंक यानी 0.05 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 24,583.80 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में टाइटन, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, टाटा स्टील, एशियन पेंट्स और इन्फोसिस के शेयरों में तेजी रही। वहीं, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), इटर्नल, एनटीपीसी, आईटीसी और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत 1.10 प्रतिशत बढ़कर 84.47 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर जारी अनिश्चितता ने निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता को प्रभावित किया। हालांकि, कंपनियों के उत्साहजनक तिमाही नतीजों से बाजार धारणा को समर्थन मिला।’’
उन्होंने कहा कि अमेरिका में रोजगार के उम्मीद से कमतर आंकड़ों ने फेडरल रिजर्व की सख्त मौद्रिक नीति की संभावनाओं को कमजोर किया है। अब निवेशकों का ध्यान अमेरिका के महंगाई के आंकड़ों पर है, जो ब्याज दरों और बॉन्ड प्रतिफल की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे।