रुपया शुरुआती कारोबार में छह पैसे टूटकर 96.31 प्रति डॉलर पर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 16-07-2026
Rupee falls 6 paise to 96.31 per dollar in early trade
Rupee falls 6 paise to 96.31 per dollar in early trade

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में छह पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 96.31 पर आ गया। पश्चिम एशिया संकट के कम होने के कोई संकेत नहीं मिलने के बीच कच्चे तेल की वैश्विक कीमतों में उतार-चढ़ाव और डॉलर के मजबूत होने से घरेलू मुद्रा पर दबाव है।
 
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि विदेशी पूंजी की निकासी से स्थानीय मुद्रा पर दबाव बना रहा। हालांकि, घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक शुरुआत से रुपये को कुछ समर्थन मिला।
 
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 96.28 प्रति डॉलर पर खुला। फिर फिसलकर 96.31 प्रति डॉलर पर आ गया जो पिछले बंद भाव से छह पैसे की गिरावट दर्शाता है।
 
स्थानीय मुद्रा बुधवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में गिरावट के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले नौ पैसे कमजोर होकर 96.25 पर बंद हुई थी।
 
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.01 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 100.49 पर रहा।
 
घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 185.77 अंक चढ़कर 77,400.40 अंक पर जबकि निफ्टी 42.15 अंक की बढ़त के साथ 24,132.60 अंक पर रहा।
 
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.31 प्रतिशत की गिरावट के साथ 84.69 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
 
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 735.83 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।