आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
फेसबुक और इंस्टाग्राम के स्वामित्व वाली कंपनी मेटा ने मंगलवार को निजी कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) एजेंट ‘म्यूज’ पेश किया। यह सेवा 18 वर्ष और उससे अधिक उम्र के लोगों के लिए है, जो रोजमर्रा के कामों जैसे दिनचर्या, खरीदारी और दीर्घकालिक लक्ष्यों को कार्ययोजना में बदलने में मदद चाहने वालों के लिए बनाई गई है।
मेटा ने अपने इस एआई एजेंट की सुरक्षा और गोपनीयता सुविधाओं पर विशेष जोर दिया है। कंपनी के अनुसार, फिलहाल ‘म्यूज’ केवल अमेरिका में उपलब्ध है। यह एक सुरक्षित वर्चुअल मशीन पर काम करता है, जिसमें एआई एजेंट और उपयोगकर्ता का डेटा दोनों सुरक्षित रहते हैं।
लोग ‘म्यूज’ के लिए बनाए गए अलग ऐप के जरिए या व्हाट्सऐप पर संदेश भेजकर इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। यह ईमेल भेजने या यात्रा बुक करने जैसे सामान्य काम कर सकता है। यह एक साल की व्यायाम योजना बनाने या नया कारोबार शुरू करने जैसे लंबे समय वाले लक्ष्यों में भी सहायता कर सकता है।