मारुति सुजुकी ने खरखौदा संयंत्र में बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली शुरू की

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 08-07-2026
Maruti Suzuki commissions battery energy storage system at Kharkhoda plant
Maruti Suzuki commissions battery energy storage system at Kharkhoda plant

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
देश की अग्रणी कार विनिर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने हरियाणा स्थित अपने खरखौदा विनिर्माण संयंत्र में एक मेगावाट-घंटा (एमडब्ल्यूएच) क्षमता वाली बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली (बीईएसएस) चालू करने की बुधवार को घोषणा की।

मारुति सुजुकी इंडिया ने बयान में कहा कि एक शुरुआती पहल के तहत बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली (बीईएसएस) को खरखौदा संयंत्र के आंतरिक बिजली वितरण नेटवर्क के साथ एकीकृत किया गया है।
 
कंपनी ने 2025 में खरखौदा संयंत्र में 20 मेगावाट क्षमता की सौर ऊर्जा परियोजना स्थापित की थी।
 
बयान में कहा गया कि बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली (बीईएसएस) कम मांग वाले समय या संयंत्र में अवकाश के दिनों के दौरान उत्पन्न अतिरिक्त बिजली को संग्रहित कर आवश्यकता पड़ने पर उपयोग में लाकर इस चुनौती का समाधान करती है।
 
संयंत्र में अवकाश के दिनों में सौर ऊर्जा की मांग नहीं होने के कारण उत्पन्न बिजली का उपयोग नहीं हो पाता था।
 
मारुति सुजुकी ने कहा कि इसके अलावा बीईएसएस बिजली ग्रिड की स्थिरता में सुधार करने में भी मदद करेगी।
 
मारुति सुजुकी इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) हिसाशी ताकेउची ने कहा कि कंपनी आत्मनिर्भर ऊर्जा परिवेश को लेकर भारत की नीति के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और खरखौदा संयंत्र में बीईएसएस की शुरुआत इसी दिशा में उसके सतत प्रयासों का हिस्सा है।
 
उन्होंने कहा, ‘‘ बीईएसएस से हर साल लगभग 54 टन कार्बन डाइऑक्साइड (सीओ2) उत्सर्जन में कमी लाने में मदद मिलेगी।’’