अमेरिका-ईरान तनाव से सेंसेक्स 1,677 अंक टूटा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 08-07-2026
Sensex falls 1,677 points on US-Iran tensions
Sensex falls 1,677 points on US-Iran tensions

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान के साथ अंतरिम समझौता खत्म करने की घोषणा के बाद कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आने से बुधवार को घरेलू शेयर बाजारों में भारी गिरावट दर्ज की गई। मानक सूचकांक सेंसेक्स 1,677 अंक लुढ़क गया जबकि निफ्टी 517 अंक टूट गया।
 
विश्लेषकों ने कहा कि पहली तिमाही में कंपनियों के कमजोर नतीजों के अनुमान को लेकर निवेशकों में चिंता होने से भी बाजार में ‘जोखिम से बचने’ का रुख देखने को मिला।
 
बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 1,677.12 अंक यानी 2.15 प्रतिशत गिरकर 76,503.60 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,921.69 अंक लुढ़ककर 76,259.03 अंक पर आ गया था।
 
इसी तरह, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 516.65 अंक यानी 2.12 प्रतिशत टूटकर 23,882.05 अंक पर बंद हुआ।
 
सेंसेक्स में शामिल सभी 30 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो), मारुति, हिंदुस्तान यूनिलीवर, बजाज फाइनेंस, कोटक महिंद्रा बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर प्रमुख रूप से नुकसान में रहे।
 
अमेरिकी राष्ट्रपति की घोषणा के बाद पश्चिम एशिया में फिर से तनाव बढ़ने की आशंका हावी होने से कच्चा तेल फिर से चढ़ गया। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 6.18 प्रतिशत चढ़कर 78.74 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
 
ऑनलाइन ट्रेडिंग फर्म एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पोनमुडी आर ने कहा, ‘‘होर्मुज जलडमरूमध्य में मालवाहक जहाजों पर ईरान के हमले के बाद ट्रंप ने अंतरिम शांति समझौते को समाप्त घोषित कर दिया जिससे भू-राजनीतिक तनाव फिर बढ़ गया है। इस घटनाक्रम से कच्चे तेल की कीमतों में करीब सात प्रतिशत की तेजी आई, जिसका असर वैश्विक वित्तीय बाजारों पर भी पड़ा।’’
 
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 5.35 प्रतिशत गिर गया, जबकि जापान का निक्की 2.11 प्रतिशत और चीन का शंघाई कम्पोजिट 0.49 प्रतिशत नीचे आया। हालांकि, हांगकांग का हैंगसेंग 2.99 प्रतिशत चढ़ गया।
 
यूरोपीय बाजारों में भी दोपहर के कारोबार में गिरावट का रुख रहा। अमेरिकी बाजार मंगलवार को नकारात्मक दायरे में बंद हुए थे।
 
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 393.19 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
 
इससे पहले मंगलवार को सेंसेक्स 104.35 अंक गिरकर 78,180.72 अंक पर और निफ्टी 31.65 अंक टूटकर 24,398.70 अंक पर आ गया था।