आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
सेंसेक्स और निफ्टी में तीन सत्र की तेजी के बाद बुधवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई।
विदेशी पूंजी की निकासी और पश्चिम एशिया में लंबे समय तक अस्थिरता की आशंकाओं ने भी निवेशकों की भावनाओं को प्रभावित किया।
बीएसई सेंसेक्स 494.12 अंक टूटकर 78,779.21 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 142.2 अंक फिसलकर 24,434.40 अंक पर पहुंच गया।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से एचसीएल टेक के शेयर में करीब नौ प्रतिशत की गिरावट आई। टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, आईसीआईसीआई बैंक और एशियन पेंट्स के शेयर भी नुकसान में रहे। वहीं एनटीपीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, ट्रेंट और टाटा स्टील के शेयर में तेजी दर्ज की गई।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट में रहे जबकि जापान का निक्की 225 तथा चीन का एसएसई कम्पोजिट फायदे में रहे।
अमेरिकी बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.40 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98.09 डॉलर प्रति बैरल रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने 1,918.99 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
सेंसेक्स मंगलवार को 0.96 प्रतिशत और निफ्टी 0.87 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ था।