April 22: Earth Day is a day to pledge to save the Earth.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पृथ्वी पर रहने वाले तमाम जीव-जंतुओं और पेड़-पौधों को बचाने तथा दुनिया भर में पर्यावरण के प्रति जागरुकता बढ़ाने के लक्ष्य के साथ 22 अप्रैल के दिन ‘पृथ्वी दिवस’ यानी ‘अर्थ डे’ मनाने की शुरुआत की गई थी।
वर्ष 1970 में शुरू की गई इस परंपरा को दुनिया ने खुले दिल से अपनाया और आज लगभग पूरी दुनिया में प्रति वर्ष पृथ्वी दिवस के मौके पर धरा की धानी चूनर को बनाए रखने और हर तरह के जीव-जंतुओं को पृथ्वी पर उनके हिस्से का स्थान और अधिकार देने का संकल्प लिया जाता है।
भारत के स्वतंत्रता संग्राम में भी इस दिन का खास मुकाम है। इसी दिन नेताजी सुभाषचंद्र बोस ने देश सेवा के लिए भारतीय सिविल सेवा की नौकरी से इस्तीफा दिया था।
22 अप्रैल 2024 को भारत के 17 वर्ष के ग्रैंडमास्टर डी गुकेश ने टोरंटो में कैंडिडेट्स शतरंज टूर्नामेंट जीतकर इतिहास रच दिया और वह विश्व चैम्पियनशिप खिताब के सबसे युवा चैलेंजर बन गए । उन्होंने 40 साल पुराना गैरी कास्पोरोव का रिकॉर्ड तोड़ा । कास्पोरोव 1984 में 22 साल के थे जब उन्होंने रूस के ही अनातोली कारपोव को विश्व चैम्पियनशिप खिताब के लिये चुनौती दी थी ।
गुकेश यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट जीतने वाले विश्वनाथन आनंद के बाद दूसरे भारतीय बन गए । पांच बार के विश्व चैम्पियन आनंद ने 2014 में खिताब जीता था ।
22 अप्रैल 2025 को कश्मीर के पहलगाम शहर के निकट ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ के नाम से मशहूर पर्यटन स्थल बैसरन में एक आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में ज्यादातर पर्यटक थे। यह 2019 में पुलवामा में हमले के बाद घाटी में हुआ सबसे बड़ा हमला था।
देश दुनिया के इतिहास में 22 अप्रैल की तारीख पर दर्ज प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है :-
1906 : यूनान के एथेंस में ओलंपिक खेलों की शुरूआत हुई।
1915 : प्रथम विश्व युद्ध के दौरान जर्मन सेना ने पहली बार जहरीली गैस का इस्तेमाल किया।
1921 : नेताजी सुभाषचंद्र बोस ने इंडियन सिविल सर्विस से त्यागपत्र दिया।
1931 : मिस्र और इराक ने शांति समझौते पर हस्ताक्षर किए।
1958 : एडमिरल आर डी कटारी भारतीय नौसेना के पहले भारतीय प्रमुख बनाए गए।
1970 : दुनिया में पहली बार पृथ्वी दिवस मनाया गया।
1983 : अंतरिक्ष यान सोयूज टी-8 पृथ्वी पर लौटा।
1997 : पेरू में जापानी दूतावास में चार माह से चल रही घेराबंदी को समाप्त करने के लिए सेना ने प्रवेश किया।
2012 : लंदन मैराथन के दौरान 30 वर्षीय एक महिला प्रतिभागी की अचानक गिरकर मौत।
2016 : 170 से ज्यादा देशों ने जलवायु परिवर्तन पर पेरिस संधि पर हस्ताक्षर किए। इसे नवंबर 2016 में लागू किया गया।
2018 : अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में इस्लामिक स्टेट के आत्मघाती हमले में 57 लोगों की मौत, 100 से अधिक घायल।
2019 : बोलीविया में दो ट्रकों से टक्कर के बाद एक बस 200 मीटर गहरे खड्ड में गिर गयी जिसमें 25 लोगों की मौत हो गयी।
2021 : पोलैंड के किलसे में युवा विश्व चैंपियनशिप में फाइनल में पहुंची भारत की सभी सात महिला मुक्केबाजों ने स्वर्ण पदक जीता। इसी दिन नदीम-श्रवण की जोड़ी के संगीतकार श्रवण की कोरोना वायरस संक्रमण से मृत्यु। जोड़ी ने 90 के दशक में ''आशिकी'', ''साजन'', ''परदेस'' और ''राजा हिंदुस्तानी'' जैसी फिल्मों में मधुर संगीत दिया।
2022 : अफगानिस्तान में मस्जिद और स्कूल में बम धमाके, 33 लोगों की मौत, 45 घायल।
2023 : भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के ध्रुवीय उपग्रह प्रक्षेपण यान (पीएसएलवी) सी55 ने सिंगापुर के दो उपग्रहों को सफलतापूर्वक निर्धारित कक्षा में स्थापित कर दिया।
2024 : भारत के 17 वर्ष के ग्रैंडमास्टर डी गुकेश ने टोरंटो में कैंडिडेट्स शतरंज टूर्नामेंट जीतकर इतिहास रच दिया और वह विश्व चैम्पियनशिप खिताब के सबसे युवा चैलेंजर बन गए । उन्होंने 40 साल पुराना गैरी कास्पोरोव का रिकॉर्ड तोड़ा ।
2025 : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत।