आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
ए-वन स्टील्स इंडिया लिमिटेड का शेयर 405 रुपये के निर्गम मूल्य के मुकाबले 14 प्रतिशत की बढ़त के साथ बृहस्पतिवार को बाजार में सूचीबद्ध हुआ।
बीएसई पर कंपनी के शेयर ने 462 रुपये पर कारोबार शुरू किया, जो निर्गम मूल्य से 14 प्रतिशत अधिक है। एनएसई पर यह निर्गम मूल्य से 12.34 प्रतिशत अधिक 455 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ।
कंपनी का बाजार मूल्यांकन 3,223 करोड़ रुपये रहा।
ए-वन स्टील्स इंडिया लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को सोमवार को शेयर बिक्री के अंतिम दिन 11.61 गुना अभिदान मिला था। कंपनी के 405 करोड़ रुपये के आईपीओ का मूल्य दायरा 385-405 रुपये प्रति शेयर था।
नए शेयर के निर्गम से जुटाई गई शुद्ध राशि में से 250 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कुछ बकाया कर्ज के पूर्व-भुगतान या आंशिक पुनर्भुगतान के लिए किया जाएगा। शेष राशि का इस्तेमाल सामान्य कारोबारी जरूरतों के लिए किया जाएगा।