थाईलैंड-कंबोडिया सीमा पर हिंसक झड़पें, हवाई हमले में 14 की मौत, 4,000 लोग विस्थापित

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 25-07-2025
Violent clashes on Thailand-Cambodia border, 14 killed in air strike, 4,000 people displaced
Violent clashes on Thailand-Cambodia border, 14 killed in air strike, 4,000 people displaced

 

सुरिन (थाईलैंड)

थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा विवाद एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। दोनों देशों के सैनिकों के बीच हुई हिंसक झड़पों में अब तक कम से कम 14 लोगों की जान चली गई है, जिनमें ज़्यादातर आम नागरिक शामिल हैं। थाईलैंड ने इस दौरान कंबोडिया के ठिकानों पर हवाई हमले भी किए हैं।

थाई रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता सुरसंत कोंगसिरी ने बताया कि बृहस्पतिवार को सीमा के छह अलग-अलग इलाकों में भारी गोलीबारी और रॉकेट दागे गए। झड़प से एक दिन पहले सीमा पर एक बारूदी सुरंग विस्फोट में थाईलैंड के पांच सैनिक घायल हो गए थे, जिसके बाद थाईलैंड ने कंबोडिया से अपने राजदूत को वापस बुला लिया और कंबोडिया के राजनयिक को निष्कासित कर दिया।

कंबोडिया के ओड्डार मींचे प्रांत के सैन्य अधिकारी जनरल खोव ली के मुताबिक शुक्रवार सुबह प्राचीन ता मुएन थॉम मंदिर के पास एक बार फिर दोनों पक्षों में झड़प शुरू हो गई। ‘एसोसिएटेड प्रेस’ के रिपोर्टरों ने सीमा क्षेत्र में सुबह से ही जोरदार धमाकों की आवाजें सुनीं।

कंबोडियाई अधिकारियों के अनुसार, झड़प में कम से कम चार नागरिक घायल हुए हैं, जबकि सीमा से लगे गांवों से 4,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर बनाए गए राहत शिविरों में पहुंचाया गया है। यह पहली बार है जब कंबोडियाई पक्ष ने आधिकारिक तौर पर किसी हताहत की जानकारी दी है।

इस बीच, संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए दोनों देशों से ‘‘अधिकतम संयम बरतने और मुद्दों का समाधान शांतिपूर्ण वार्ता के जरिए तलाशने’’ की अपील की है।