ईरान युद्ध खत्म करने के लिए अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में तीसरी बार मतदान

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 16-09-2026
US House of Representatives votes for the third time to end the Iran war
US House of Representatives votes for the third time to end the Iran war

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
ईरान में जारी युद्ध को खत्म करने के लिए अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में तीसरी बार मतदान किया गया। सदन ने युद्ध शक्तियों संबंधी एक प्रस्ताव को मंजूरी दी, जिसके तहत राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कांग्रेस की मंजूरी के बिना सैन्य कार्रवाई जारी रखने की क्षमता पर रोक लगाई जा सकेगी।
 
मंगलवार देर रात हुए मतदान में प्रस्ताव 220-204 मतों से पारित हुआ। इस बार पहले की तुलना में कुछ और रिपब्लिकन सांसद भी अधिकतर डेमोक्रेट सांसदों के साथ युद्ध समाप्त करने के पक्ष में शामिल हुए। हालांकि, इनमें से कोई भी प्रस्ताव राष्ट्रपति की मेज तक नहीं पहुंचा है और वहां पहुंचने पर ट्रंप द्वारा इसे वीटो किए जाने की लगभग पूरी संभावना है।
 
मैसाचुसेट्स के डेमोक्रेट सांसद सेथ मौल्टन, जो इराक युद्ध के दौरान नौसैनिक के रूप में सेवाएं दे चुके हैं और इस प्रस्ताव को आगे बढ़ाने में सक्रिय रहे, ने कहा, ‘‘याद कीजिए, डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि यह युद्ध केवल कुछ हफ्तों तक चलेगा?’’
 
उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि कांग्रेस संविधान के निर्देश के अनुसार ‘‘वास्तव में कठिन सवाल पूछे, बजाय इसके कि वह एक और युद्ध समर्थक प्रशासन के अधीन हो जाए।’’
 
फ्लोरिडा के रिपब्लिकन सांसद और ‘हाउस फॉरेन अफेयर्स कमेटी’ के अध्यक्ष ब्रायन मैस्त ने सवाल उठाया कि डेमोक्रेट क्षेत्र से किन सैन्य संसाधनों को हटाना चाहते हैं, जहां उनके अनुसार ईरान अब भी खतरा बना हुआ है।
 
मैस्त ने कहा कि ट्रंप ‘‘हमेशा चलने वाले युद्धों के खिलाफ हैं और वे ईरान के साथ दशकों से चले आ रहे टकराव को समाप्त कर रहे हैं।’’