The universally acclaimed pilot was calm and composed since childhood: Smit Machhar's friend
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान को दुर्घटनाग्रस्त होने से बचाने और यात्रियों की जान की रक्षा करके सुर्खियों में आए भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार बचपन से ही बेहद सूझबूझ वाले और विपरीत परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने वाले व्यक्ति थे। मच्छार के बचपन के मित्र प्रतीक गांधी ने यह बात कही।
गांधी मुंबई में उसी इमारत में रहते हैं जहां पायलट का परिवार रहता है।
उन्होंने कहा, ‘‘वह बचपन से ही बेहद शांत और संयमित था। हमारी हाउसिंग सोसाइटी में वह सबसे ‘सुलझा हुआ’ बच्चा था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जब हमने यह खबर सुनी तो हम सभी हैरान रह गए। पहले हमें एहसास ही नहीं हुआ कि वह हमारा स्मित है। हमें पता चला है कि उसका ऑपरेशन हुआ है और उसकी हालत ठीक है।’’
गांधी ने कहा, ‘‘ अभी उनके परिवार ने कोई जानकारी नहीं दी है। वे यहां नहीं हैं। सभी लोग दुबई में हैं।’’