स्पेन के गोलकीपर उनाई सिमोन ने फिर ‘क्लीन शीट’ हासिल की

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 15-07-2026
Spain goalkeeper Unai Simeone keeps another clean sheet
Spain goalkeeper Unai Simeone keeps another clean sheet

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 विश्व कप फुटबॉल के इतिहास में सर्वाधिक समय तक गोल नहीं खाने की उपलब्धि हासिल करने वाले स्पेन के गोलकीपर उनाई सिमोन ने पिछले मैच में इस रिकॉर्ड पर विराम लगने के बाद अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए फिर से ‘क्लीन शीट’ (मैच में गोल नहीं खाना) हासिल की।
 
फ्रांस के खिलाफ सेमीफाइनल में एक समय किलियन एमबाप्पे गेंद को गोल में डालने के लिए खतरनाक तरीके से आगे बढ़ रहे थे लेकिन सिमोन पहले वहां पहुंचकर गेंद को हेडर से दूर करने में कामयाब रहे। एमबाप्पे ने मैच में केवल तीन शॉट लगाए, जिनमें से एक भी लक्ष्य पर नहीं लगा।
 
फ्रांस ने मैच के आखिरी समय में गोल करने के लिए जीजान लगा दी लेकिन स्पेन की मजबूत रक्षापंक्ति और उत्कृष्ट गोलकीपर ने एक बार फिर गोल नहीं होने दिया।
 
स्पेन ने मंगलवार को फ्रांस को 2-0 से हराकर विश्व कप के फाइनल में जगह बनाई। इस साल के विश्व कप में स्पेन की यह रिकॉर्ड छठी क्लीन शीट थी।
 
स्पेन के डिफेंडर पाउ ​​कुबार्सी ने कहा, ‘‘टीम के प्रदर्शन से हम बेहद खुश हैं। आज हमें पता था कि यह एक बेहद चुनौतीपूर्ण मुकाबला होगा जिसमें शानदार खिलाड़ी होंगे, लेकिन मुझे लगता है कि हमारे पास भी वैसे ही खिलाड़ी हैं। हमारी टीम एक परिवार की तरह है हमने पूरे 90 मिनट तक एक-दूसरे का साथ दिया।’’
 
सिमोन ने इस टूर्नामेंट में केवल एक गोल खाया है, जो स्पेन की क्वार्टरफाइनल में 2-1 से जीत में बेल्जियम ने 41वें मिनट में किया था। इससे सिमोन का विश्व कप में गोल नहीं खाने का रिकॉर्ड 650 मिनट पर थम गया।
 
सिमोन ने नॉकआउट राउंड के पहले मैच में स्पेन की ऑस्ट्रिया पर 3-0 से जीत के दौरान लगातार 517 मिनट तक गोल न खाने का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा था।