रुबियो ने कोलकाता में मदर हाउस का दौरा किया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 23-05-2026
Rubio visits Mother House in Kolkata
Rubio visits Mother House in Kolkata

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने शनिवार को कोलकाता में सेंट टेरेसा के ‘मिशनरीज ऑफ चैरिटी’ के मुख्यालय ‘मदर हाउस’ और निर्मला शिशु भवन का दौरा किया।
 
रुबियो भारत की अपनी पहली चार दिवसीय यात्रा पर आज सुबह कोलकाता पहुंचे। कोलकाता के हवाई अड्डे पर भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने उनका स्वागत किया।
 
उन्होंने ‘मिशनरीज ऑफ चैरिटी’ के मुख्यालय का दौरा किया और वहां के अधिकारियों से बात की।
 
रुबियो बाद में गोर और अन्य अधिकारियों के साथ ‘मिशनरीज ऑफ चैरिटी’ द्वारा संचालित बाल गृह निर्मला शिशु भवन भी गए।
 
कोलकाता में मदर टेरेसा द्वारा स्थापित ‘मिशनरीज ऑफ चैरिटी’ एक कैथोलिक संस्था है, जो दुनियाभर में गरीबों, बीमारों और असहायों की सेवा के लिए समर्पित है।
 
अमेरिका के किसी विदेशी मंत्री का 14 साल बाद कोलकाता में आगमन हुआ है। इससे पहले मई 2012 में अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने कोलकाता का दौरा किया था।
 
रुबियो की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व में नयी सरकार के गठन के रूप में बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिला है।
 
गोर ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘विदेश मंत्री मार्को रुबियो कोलकाता पहुंच चुके हैं। यह उनकी भारत की पहली यात्रा है। आज बाद में हम नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करेंगे। आने वाले दिनों में व्यापार, प्रौद्योगिकी, रक्षा, क्वाड और कई अन्य मुद्दों पर चर्चा होगी तथा सहयोग को आगे बढ़ाया जाएगा।’’