ईरान के निर्वासित युवराज रजा पहलवी पर बर्लिन में फेंका गया लाल तरल पदार्थ

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 23-04-2026
Red liquid thrown at Iran's exiled Crown Prince Reza Pahlavi in ​​Berlin.
Red liquid thrown at Iran's exiled Crown Prince Reza Pahlavi in ​​Berlin.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
ईरान के निर्वासित युवराज रजा पहलवी पर बृहस्पतिवार को बर्लिन की एक इमारत से बाहर निकलते समय लाल रंग का तरल पदार्थ फेंका गया।
 
यह घटना जर्मनी के संघीय ‘प्रेस कॉन्फ्रेंस’ भवन के बाहर तब हुई जब पहलवी संवाददाता सम्मेलन करके बाहर निकल रहे थे।
 
इस प्रेसवार्ता में उन्होंने अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम की आलोचना की।
 
तरल पदार्थ उनके ब्लेज़र के पीछे और गर्दन पर गिरा लेकिन उन्हें कोई चोट नहीं आई। कार में बैठने से पहले उन्होंने अपने समर्थकों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया और फिर वहां से रवाना हो गए। पुलिस ने बताया कि तरल पदार्थ टमाटर का रस प्रतीत होता है।
 
जर्मन पुलिस ने आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया लेकिन गोपनीयता नियमों के चलते उसका नाम सार्वजनिक नहीं किया गया।
 
पहलवी (65) ईरान के पूर्व शाह के पुत्र हैं। शाह से ईरानी जनता इतनी नफरत करती थी कि 1979 में लाखों लोग उन्हें सत्ता से बेदखल करने के लिए सड़कों पर उतर आए थे।
 
पहलवी अपने देश के भविष्य में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की कोशिश कर रहे हैं। वैसे लगभग 50 वर्षों के निर्वासन के बाद ईरान में उन्हें कितना समर्थन प्राप्त है, यह स्पष्ट नहीं है।
 
जर्मन समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार, बृहस्पतिवार को पहलवी के सैकड़ों समर्थकों ने जर्मन संसद के पास प्रदर्शन किया।
 
पहलवी ने बृहस्पतिवार को दलील दी कि युद्धविराम समझौते में यह मान लिया गया है कि ईरान सरकार का व्यवहार बदल जाएगा और ‘‘आप ऐसे लोगों से निपटने जा रहे हैं जो अचानक व्यवहारवादी बन गए हैं।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि ऐसा होने जा रहा है। मैं यह नहीं कह रहा हूं कि कूटनीति को मौका नहीं दिया जाना चाहिए, लेकिन मुझे लगता है कि कूटनीति को पर्याप्त मौके दिए जा चुके हैं।’’
 
शिया धर्मसत्ता के अपदस्थ होने की स्थिति में पहलवी सत्ता में वापसी के लिए प्रयासरत हैं। वह पश्चिम एशिया में अमेरिकी-इजराइली सैन्य हस्तक्षेप का समर्थन कर चुके हैं।
 
बर्लिन यात्रा के दौरान पहलवी को किसी भी सरकारी प्रतिनिधि से मिलने के लिए आमंत्रित नहीं किया गया।