मास्को ने यूक्रेन-रूस तनाव पर भारत के रुख की प्रशंसा की

Story by  मलिक असगर हाशमी | Published by  [email protected] | Date 19-02-2022
मास्को ने यूक्रेन-रूस तनाव पर भारत के रुख की प्रशंसा की
मास्को ने यूक्रेन-रूस तनाव पर भारत के रुख की प्रशंसा की

 

आवाज द वाॅयस /नई दिल्ली / मास्का
 
रूस ने मौजूदा यूक्रेन संकट के बीच भारत के संतुलित और स्वतंत्र रुख की प्रशंसा की है. मॉस्को का यह बयान उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के सदस्य देशों और रूस के बीच पूर्वी यूरोपीय देश (यूक्रेन) को लेकर बढ़ते तनाव के मद्देनजर आया है. नई दिल्ली में रूसी दूतावास ने कहा, ‘‘हम भारत के संतुलित, सैद्धांतिक और स्वतंत्र रुख का स्वागत करते हैं.‘‘
 
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि टीएस तिरुमूर्ति ने  यूक्रेन संकट पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक में दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव को कम करने का आह्वान किया. दिल्ली में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने भी कहा कि भारत हमेशा तनाव को तत्काल कम करने और लगातार कूटनीतिक बातचीत के जरिए संकट के समाधान के पक्ष में रहा है.
 
यूक्रेन की सीमा के पास रूस के करीब एक लाख सैनिक तैनात हैं. यह नौसैनिक अभ्यास के लिए युद्धपोत भी भेज रहा है, जिससे नाटो देशों में यह आशंका बढ़ रही है कि रूस यूक्रेन पर आक्रमण कर सकता है. लेकिन रूस ने हमले में किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार किया है. उल्लेखनीय है कि कुछ सैटेलाइट तस्वीरों से पता चलता है कि रूसी सेना यूक्रेन को घेर रही है.
 
हालाकि, इन छवियों की भी अपनी सीमाएं हैं. मैक्सार जैसी कंपनियों के वाणिज्यिक उपग्रहों से ली गई तस्वीरें यूक्रेन के साथ सीमा पर रूसी सैनिकों, हवाई अड्डों और तोपखाने को दिखाती हैं. दक्षिणी बेलारूस और क्रीमिया में भी सैनिकों की लामबंदी की गतिविधियां सामने आई हैं. जिस पर रूस ने 2014 में यूक्रेन से कब्जा कर लिया था. तस्वीरें अमेरिका और अन्य पश्चिमी अधिकारियों के दावों की पुष्टि करती हैं कि रूसी सेनाएं यूक्रेन पर आक्रमण करने की स्थिति में हैं.
 
इस बीच, अमेरिकी उप राष्ट्रपति कमला हैरिस ने शुक्रवार को म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन में अपनी पहली द्विपक्षीय बैठक में कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका यूक्रेन में रूसी उकसावे पर राजनयिक वार्ता का स्वागत करता है.
 
हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि रूस के हमले के गंभीर परिणाम होंगे. दोनों देशों के बीच जारी तनाव के बीच भारत ने यूक्रेन की मदद का हाथ बढ़ाया है. एयर इंडिया ने शुक्रवार को कहा कि वह अगले हफ्ते देश और यूक्रेन के बीच तीन उड़ानें संचालित करेगी. एयर इंडिया ने कहा कि उड़ानें 22, 24 और 26 फरवरी को यूक्रेन भेजी जाएंगी.