चीनी के मिल भाव 18 प्रतिशत घटकर 55 रुपये प्रति किलो पर आए: खाद्य सचिव

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 25-08-2026
Mill sugar prices fall by 18% to Rs 55 per kg: Food Secretary
Mill sugar prices fall by 18% to Rs 55 per kg: Food Secretary

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 चीनी के आयात की अनुमति दिए जाने और जमाखोरी एवं सट्टेबाजी पर सरकार के अंकुश लगाने के बाद इसके मिल भाव 18 प्रतिशत घटकर 55 रुपये प्रति किलोग्राम रह गए हैं। खाद्य सचिव संजीव चोपड़ा ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
 
हालांकि, मिल भाव में आई गिरावट का असर थोक और खुदरा बाजारों में दिखना अभी बाकी है। उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के मुताबिक, 24 अगस्त को देश में चीनी का औसत थोक भाव 58.29 रुपये और खुदरा भाव 63.05 रुपये प्रति किलोग्राम रहा।
 
मिलों के स्तर पर चीनी के भाव पिछले सप्ताह रिकॉर्ड 67 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गए थे। चोपड़ा ने कहा कि मिलों द्वारा भाव बढ़ाए जाने के कारण यह तेजी आई थी।
 
उन्होंने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘मिलों द्वारा बढ़ाए गए चीनी के मिल भाव अब कम होने लगे हैं। ये घटकर 55 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गए हैं और आने वाले दिनों में इनमें और गिरावट आएगी।’’