अमेरिका में भारतीय मूल के युवक को जेल

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 15-05-2026
Indian-origin youth jailed in America
Indian-origin youth jailed in America

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
भारतीय मूल के 27 वर्षीय व्यक्ति को अवैध रूप से हथियारों की खरीद-फरोख्त और मशीन गन रखने के आरोप में पांच साल से अधिक की जेल की सजा सुनाई गई है।

उसने एक मोटरसाइकिल क्लब ‘पंजाबी डेविल्स’ भी बनाया था, जो कैलिफोर्निया में स्थित कुख्यात मोटरसाइकिल संगठन ‘हेल्स एंजेल्स से जुड़ा है।
 
अमेरिकी अटॉर्नी एरिक ग्रांट ने बृहस्पतिवार को कहा कि कैलिफोर्निया के लोदी निवासी जशनप्रीत सिंह को अमेरिकी डिस्ट्रिक्ट न्यायाधीश डेल ड्रोज्ड ने सोमवार को अवैध हथियार कारोबार और मशीन गन रखने के मामले में पांच साल चार महीने की सजा सुनाई।
 
अदालती दस्तावेजों के अनुसार, सिंह ने ‘पंजाबी डेविल्स मोटरसाइकिल क्लब’ बनाया था। यह एक अवैध मोटरसाइकिल गिरोह है।
 
पिछले वर्ष जून में सिंह ने एक अंडरकवर अधिकारी को कई हथियार बेचने की कोशिश की थी। इनमें एक शॉर्ट-बैरल राइफल, तीन असॉल्ट हथियार, तीन मशीन गन कन्वर्ज़न डिवाइस और एक रिवॉल्वर शामिल थे।
 
सिंह के घर की तलाशी के दौरान अतिरिक्त हथियार भी बरामद हुए, जिनमें एक मशीन गन, एक और मशीन गन कन्वर्जन डिवाइस और एक साइलेंसर शामिल था।
 
शुरुआत में सिंह पर सैन जोक्विन काउंटी में राज्य स्तर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। जुलाई 2025 में वह अदालत में पेश नहीं हुआ, जिसके बाद अदालत ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया।
 
उसी महीने संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) को अमेरिकी सीमा एवं सीमा सुरक्षा एजेंसी से सूचना मिली कि सिंह ने भारत जाने के लिए टिकट बुक किया है और 26 जुलाई 2025 को सैन फ्रांसिस्को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना होने वाला है। इसके बाद अधिकारियों ने हवाई अड्डे पर उसे गिरफ्तार कर लिया।