आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उनके चीनी समकक्ष शी चिनफिंग का यह आकलन ‘‘100 प्रतिशत सही’’ है कि अमेरिका पतन की ओर था लेकिन उनकी यह टिप्पणी पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन के कार्यकाल के संदर्भ में थी।
ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘जब राष्ट्रपति शी ने बड़ी शालीनता से अमेरिका को संभवत: पतन की ओर अग्रसर राष्ट्र बताया तो उनका इशारा सुस्त जो बाइडन और बाइडन प्रशासन के चार वर्षों के दौरान हमें हुए भारी नुकसान की ओर था और इस मामले में वे 100 प्रतिशत सही थे।’’
उन्होंने कहा कि अमेरिका को ‘‘खुली सीमाओं, उच्च करों, ट्रांसजेंडर नीति, महिलाओं के खेलों में पुरुषों की भागीदारी, विविधता-समानता-समावेश (डीईआई), खराब व्यापार समझौतों, बेलगाम अपराध और ऐसी ही कई अन्य चीजों से भारी नुकसान उठाना पड़ा है।’’
ट्रंप ने दावा किया कि उनके प्रशासन के पहले 16 महीनों में अमेरिका ने ‘‘अविश्वसनीय प्रगति’’ देखी है और उन्होंने रिकॉर्ड शेयर बाजारों, सैन्य सफलताओं, फिर से मजबूत होती अर्थव्यवस्था और तेजी से बढ़ते रोजगार बाजार का जिक्र किया।
ट्रंप ने वेनेजुएला में सैन्य विजय और उसके साथ मजबूत होते संबंधों की भी प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने ईरान के ‘‘सैन्य विनाश’’ का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्रपति शी चिनफिंग उस अविश्वसनीय प्रगति की बात नहीं कर रहे थे, जिसे ट्रंप प्रशासन के 16 शानदार महीनों के दौरान अमेरिका ने दुनिया के सामने प्रदर्शित किया है।’’
ट्रंप ने कहा, ‘‘दो साल पहले वास्तव में हम एक पतन की ओर बढ़ रहे थे। इस पर मैं राष्ट्रपति शी से पूरी तरह सहमत हूं।’’